मथुरा में जन्मभूमि क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान पर भड़के व्यापारी, विरोध में बाजार बंद, नोकझोंक

मथुरा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान क्षेत्र में शुक्रवार को नगर निगम द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान माहौल उस समय गरमा गया जब स्थानीय व्यापारियों ने नगर निगम की कार्रवाई का जोरदार विरोध किया। व्यापारी 'निगम हाय-हाय' के नारे लगाते हुए सड़क पर उतर आए और पूरे बाजार को बंद कर दिया। इस दौरान व्यापारियों और नगर निगम अधिकारियों के बीच नोकझोंक भी हुई।

Jul 25, 2025 - 19:19
 0
मथुरा में जन्मभूमि क्षेत्र में अतिक्रमण अभियान पर भड़के व्यापारी, विरोध में बाजार बंद, नोकझोंक
मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि क्षेत्र में शुक्रवार को अतिक्रमण हटाने के दौरान हुए विवाद के दौरान जुटी भीड़।  

बिना नोटिस की कार्रवाई से नाराज़गी

जन्मस्थान उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम ने दुकानों के सामने लगे टिन शेड्स को अतिक्रमण बताकर तोड़ दिया, जबकि पूर्व में सहमति बनी थी कि दुकानदार गर्मी और बारिश से बचाव के लिए दुकानों के ऊपर टीन शेड लगा सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो कोई पूर्व सूचना दी गई और न ही कोई नोटिस, जिससे व्यापारियों को न केवल आर्थिक नुकसान हुआ बल्कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई।

व्यापारियों ने यह भी कहा कि निगम की यह कार्रवाई उस समय की गई जब दुकानदार और ग्राहक दोनों दुकान पर मौजूद थे। यदि कोई दुर्घटना हो जाती, तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेता?

निगम ने की सख्त कार्रवाई

आने वाले दिनों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर जन्मस्थान के आसपास के क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अपर नगर आयुक्त सौरभ सिंह और सहायक नगर आयुक्त राकेश त्यागी के नेतृत्व में अभियान में भारी संख्या में पुलिस बल, टास्क फोर्स व निगमकर्मी शामिल रहे। दुकानों के बाहर रखा गया सामान जब्त कर लिया गया।

तनावपूर्ण माहौल, व्यापारियों की चेतावनी

कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों और व्यापारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि जब तक नगर निगम जब्त किया गया सामान वापस नहीं करता और नुकसान की भरपाई नहीं करता, अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा।

SP_Singh AURGURU Editor