बाह में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, 12 वर्षीय किशोर की मौत, दो मजदूर गंभीर घायल

बाह थाना क्षेत्र के बृसंगपुरा गांव में निर्माणाधीन मकान की छत अधिक वजन के कारण गिर गई। हादसे में 12 वर्षीय किशोर अर्पित की मौत हो गई, जबकि दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

Feb 2, 2026 - 21:17
 0
बाह में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन मकान की छत गिरी, 12 वर्षीय किशोर की मौत, दो मजदूर गंभीर घायल
घायलों को अस्पताल ले जाते हुए।

आगरा। बाह थाना क्षेत्र के गांव बृसंगपुरा में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे छत पर मौजूद दो मजदूर और एक 12 वर्षीय किशोर नीचे गिरकर मलबे में दब गए। इस हादसे में किशोर की मौत हो गई, जबकि दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, गांव में एक ग्रामीण के मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। दो दिन पहले ही गाटर पत्थरों की छत तैयार की गई थी। सोमवार को मजदूर अलिम पुत्र इमाम और आरिफ पुत्र समसुद्दीन (निवासी बृसंगपुरा) छत पर ईंट और बालू चढ़ाने का काम कर रहे थे। काम के दौरान भारी मात्रा में ईंट और बालू छत पर एकत्र कर दी गई, जिससे हाल ही में बनी छत पर अत्यधिक भार पड़ गया।

इसी दौरान गांव का ही 12 वर्षीय अर्पित पुत्र धर्मेंद्र भी छत पर मौजूद था। अचानक गाटर के ऊपर रखे पत्थर टूट गए और पूरी छत भरभराकर नीचे गिर पड़ी। तीनों लोग मलबे में दब गए। तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर दौड़े और तुरंत मलबा हटाकर घायलों को बाहर निकाला।

ग्रामीणों ने तीनों को आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बाह पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने किशोर अर्पित को मृत घोषित कर दिया। इस खबर से परिजनों में कोहराम मच गया। अर्पित के पिता भारतीय सेना में हैं और वर्तमान में अयोध्या में तैनात हैं। बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

वहीं दोनों घायल मजदूरों का अस्पताल में उपचार जारी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मृतक किशोर के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद गांव में शोक और दहशत का माहौल है।