आगरा में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक सवार दो युवकों की मौत, परिवारों में मचा कोहराम
सिकंदरा थाना क्षेत्र में देर रात टीएसएफ कट के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में अटूस गांव निवासी अनिल सारस्वत और मानवेन्द्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को श्याम अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। एसएन में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
आगरा। सिकंदरा थाना क्षेत्र में देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। टीएसएफ कट के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, अटूस गांव निवासी अनिल सारस्वत और मानवेन्द्र सिंह देर रात बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान टीएसएफ कट के पास किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को उपचार के लिए श्याम अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें एसएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन और अन्य लोग दोनों को लेकर एसएन मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
दो युवकों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में कोहराम मच गया। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे के बाद पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की जानकारी जुटाई जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है, जिससे टक्कर मारने वाले वाहन की पहचान हो सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।