हाथों में तिरंगा, होठों पर भजन और दिल में देशभक्ति, भजन जैमिंग में झूम उठा आगरा, स्पाइसी शुगर के आयोजन में संगीत और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम
आगरा। हाथों में तिरंगा, होठों पर भजनों की स्वर लहरियां और दिल में देशभक्ति का जज्बा—फतेहाबाद रोड स्थित होटल आईटीसी मुगल में आयोजित भजन जैमिंग कार्यक्रम में संगीत, भक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा संगम देखने को मिला। स्पाइसी शुगर संस्था की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में सदस्यों ने भक्ति गीतों के साथ देशभक्ति गीतों पर तिरंगा लहराकर उत्साह व्यक्त किया। इसके बाद बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों पर थिरकते कदमों ने कार्यक्रम में मनोरंजन और उल्लास का रंग भर दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विशिष्ट अतिथि डॉ. रंजना बंसल, चंदर सचदेवा, बब्बू खेरा, राजेश हेमदेव, डबी सरीन और कपिल मगन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। संस्था की संस्थापक पूनम सचदेवा ने अतिथियों और उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।
शिव तांडव और भोले के जयघोष से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुप्रसिद्ध गायक विनोद हसल ने ड्रम पर शिव तांडव की प्रस्तुति और भोले के जयघोष के साथ की। घुंघरुओं की जुगलबंदी और ड्रम की थाप ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति शुरू हुई तो पूरा माहौल राष्ट्रप्रेम के उत्साह से भर गया। सदस्यों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति गीतों के साथ सहभागिता की।
ड्रम कैफे की प्रस्तुति पर जमकर झूमे सदस्य
संगीत की लय और ताल के साथ ड्रम कैफे की आकर्षक प्रस्तुति ने कार्यक्रम में विशेष समां बांधा। स्टिक पर बंधे घुंघरुओं की झंकार, ड्रम की थाप और तालियों की गूंज के बीच सदस्य भी संगीत के रंग में रंग गए। पूरे परिसर में हाथों में तिरंगे और स्टिक घुंघरू नजर आए और गीत-संगीत की स्वर लहरियां गूंजती रहीं।
सुदीप और वैष्णवी की आवाज ने बांधा समां
सुदीप जयपुर वाले और वैष्णवी श्रीराम की मधुर आवाज ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। दोनों कलाकारों ने भक्ति गीतों के साथ देशभक्ति और बॉलीवुड के लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए। उनकी प्रस्तुतियों पर श्रोताओं ने भी सुर से सुर मिलाया और कई गीतों पर जमकर झूमे। भक्ति, देशप्रेम और बॉलीवुड संगीत की मस्ती ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
संगीत को बताया सकारात्मक ऊर्जा का माध्यम
संस्थापक पूनम सचदेवा ने कहा कि संगीत दिलों को जोड़ने के साथ सकारात्मक ऊर्जा और उमंग का संचार करता है। भक्ति के साथ देशभक्ति को जोड़कर आयोजित किया गया यह कार्यक्रम समाज में राष्ट्रप्रेम और भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव की भावना को मजबूत करने वाला है। उन्होंने कहा कि तिरंगा केवल हाथों में नहीं, बल्कि दिलों में भी होना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान सदस्यों ने देशभक्ति गीतों के साथ तिरंगा लहराकर उत्साह व्यक्त किया। भजनों की भक्ति, देशभक्ति गीतों का जोश और बॉलीवुड गीतों की मस्ती से पूरा कार्यक्रम संगीत और उल्लास से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाएं चांदनी ग्रोवर, शिखा जैन और सिमरन आवतानी ने संभालीं। इस अवसर पर पूजा ओबरॉय, रिंपी जैन, माला खेरा, रेनू लांबा, ज्योति सचदेवा, शिवानी खेरा, पुष्पा पोपटानी, रिचा रल्ली रानी, रानी रहलन, कोमिला धर, कविता अग्रवाल और संगीता अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।