तिरंगा भारत की आन-बान और शान, बलिदानियों को श्रद्धासुमन है तिरंगा यात्रा : भूपेंद्र चौधरी; आगरा में पटेल प्रतिमा से हेमू कालानी स्मारक तक हजारों ने लहराया तिरंगा

आगरा। स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान का संदेश देते हुए भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर एवं आगरा जिले के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया के नेतृत्व में निकली यात्रा में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता, युवा, महिलाएं, स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट शामिल हुए। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से यात्रा मार्ग देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

Aug 13, 2026 - 20:03
Aug 13, 2026 - 20:34
 0
तिरंगा भारत की आन-बान और शान, बलिदानियों को श्रद्धासुमन है तिरंगा यात्रा : भूपेंद्र चौधरी; आगरा में पटेल प्रतिमा से हेमू कालानी स्मारक तक हजारों ने लहराया तिरंगा
तिरंगा यात्रा के दौरान सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा पर श्रद्धासुमन अर्पित करते प्रभारी मंत्री भूपेंद्र चौधरी, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रानी पक्षालिका सिंह और भगवान सिंह कुशवाह, एमएलसी विजय शिवहरे एवं जिला पंचायत अध्यक्ष डॊ. मंजू भदौरिया, जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, महानगर अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता और अन्य।  

महानगर और जिला भाजपा द्वारा गुरुवार को आगरा में निकाली गई संयुक्त तिरंगा यात्रा की एक झलक।

तिरंगा यात्रा की शुरुआत कोठी मीना बाजार स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा से हुई। मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी और सभी जनप्रतिनिधियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद यात्रा शाहगंज बाजार होते हुए तहसील सदर स्थित हेमू कालानी स्मारक तक पहुंची।

यात्रा में सबसे आगे भारत माता की झांकी चल रही थी। इसके पीछे साउंड की गाड़ी और मुख्य अतिथि भूपेंद्र चौधरी, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया सहित सभी जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विभिन्न स्कूलों के बच्चे, एनसीसी कैडेट, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों के साथ हजारों लोग यात्रा में शामिल हुए। देश के वीर सपूतों की गाथाओं और देशभक्ति के नारों से पूरा मार्ग गूंजता रहा।

युवा मोर्चा के कार्यकर्ता 500 फीट से अधिक लंबी तिरंगा चादर लेकर यात्रा में शामिल हुए। विशाल तिरंगा चादर यात्रा के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। सड़क पर उमड़े लोगों ने देशभक्ति की छटा बिखेरते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि राष्ट्रीय प्रतीकों के प्रति सम्मान को नागरिक दायित्व से जोड़ते हुए तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि भारत की आन, बान और शान है। उन्होंने कहा कि जिस राष्ट्रध्वज को फहराने के लिए नागरिकों को न्यायालय में लड़ाई लड़नी पड़ती थी, उसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हर नागरिक के अधिकार से जोड़ दिया है।

भूपेंद्र चौधरी ने कहा कि आज भारत में स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को सम्मान दिया जा रहा है। इसी कड़ी में हर घर तिरंगा अभियान भी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को सम्मान देने का माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि तिरंगा यात्रा स्वतंत्रता संग्राम में जीवन की आहुति देने वाले बलिदानियों के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर है।

यात्रा के दौरान सभी जनप्रतिनिधियों ने भी मंच से देश के वीर सपूतों की गाथाओं और उनके सम्मान की आवश्यकता पर विचार व्यक्त किए। नेताओं ने लोगों से राष्ट्रीय ध्वज और देश के स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया।

तिरंगा यात्रा में मुख्य रूप से कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र चौधरी, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रशांत पोनिया, महापौर हेमलता दिवाकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, विधायिका रानी पक्षालिका सिंह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश, विधायक एत्मादपुर डॉ. धर्मपाल सिंह, विधायक भगवान सिंह कुशवाह, विधायक छोटे लाल वर्मा, एमएलसी विजय शिवहरे, हेमंत भोजवानी, महेश शर्मा, हरिओम रावत, सत्यव्रत दुबे, शिव कुमार प्रमुख, नीतेश शिवहरे, राहुल सागर, मनवीर चौहान, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, मुकेश चाहर, तपेश जैन, करुणा निधि गर्ग, डॉ. निधि शर्मा, अनीता खरे, नेहा गुप्ता, माधुरी माहोर, उमा शंकर माहोर, संतोष सिकरवार, राम कुमार शर्मा, अनिल सारस्वत, विकास भारद्वाज, आशा अग्रवाल, सीमा सिंघल, रेखा नागपाल सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आमजन मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor