प्यार में भरोसा, बदले में धोखा और धमकियां, दलित छात्रा ने चार साल की पीड़ा बताई, अब पुलिस से न्याय की गुहार

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र की रहने वाली एक दलित छात्रा ने राजा गौतम नाम के युवक और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने चार साल तक शादी का वादा कर उससे संबंध बनाए। कई बार होटल ले जाकर वीडियो बनाए और उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात करवाया। छात्रा ने आरोपी के परिजनों पर जातिगत टिप्पणियां करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

Nov 18, 2025 - 11:04
 0
प्यार में भरोसा, बदले में धोखा और धमकियां, दलित छात्रा ने चार साल की पीड़ा बताई, अब पुलिस से न्याय की गुहार
इमेज फोटो

आगरा। हरीपर्वत थाना क्षेत्र की रहने वाली एक दलित छात्रा ने राजा गौतम नाम के युवक और उसके परिवार के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का कहना है कि आरोपी युवक ने चार साल तक शादी का वादा कर उससे संबंध बनाए। कई बार होटल ले जाकर वीडियो बनाए और उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात करवाया। छात्रा ने आरोपी के परिजनों पर जातिगत टिप्पणियां  करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है।

पीड़िता के अनुसार उसकी मुलाकात चार साल पहले सैंट जॉन्स क्षेत्र स्थित एपेक्स कोचिंग में राजा गौतम से हुई थी। पढ़ाई के दौरान दोस्ती बढ़ी और राजा ने शादी का भरोसा देकर उसे रिश्ते में आने के लिए राज़ी किया। छात्रा ने बताया कि उसने अपनी दलित जाति  के बारे में पहले ही बता दिया था, लेकिन राजा ने कहा कि वह हर हाल में उसी से शादी करेगा।

घरों और होटलों में संबंध बनाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि जब भी उसके घर पर कोई सदस्य मौजूद नहीं होता, राजा वहां पहुंचकर संबंध बनाता था। इसके अलावा वह उसे शहर के कई होटलों में भी ले जाता था, जिनमें संजय प्लेस, भगवान टाकीज और फतेहाबाद रोड के होटल शामिल हैं। छात्रा ने कहा कि राजा ने कई बार वीडियो रिकॉर्ड किए, जिससे वह मानसिक रूप से दबाव में रही।

मजबूरन गर्भपात कराने के गंभीर आरोप

पीड़िता ने बताया कि संबंध के दौरान वह कई बार गर्भवती हुई। आरोप है कि राजा उसे आगरा से बाहर ले जाकर उसकी इच्छा के विरुद्ध गर्भपात करवाता रहा। बार-बार हुए गर्भपात के कारण उसकी तबीयत भी बिगड़ने लगी। छात्रा ने बताया कि तीन साल तक संबंध में रहने के बाद जब  उसने शादी का दबाव बनाया, तो राजा ने अपने परिवार से बात कराने का आश्वासन दिया। पीड़िता के मुताबिक जब वह राजा के घर गई तो वहां उसके माता-पिता और भाई ने उसकी जाति पर सवाल उठाए और कथित रूप से जाति सूचक शब्द कहे। छात्रा का दावा है कि राजा के पिता ने उसे घर से बाहर निकालते हुए कहा कि वे दलित लड़की को घर की बहू नहीं बनाएंगे।

तेजाब डालने और जान से मारने की धमकी का आरोप

पीड़िता ने आरोप लगाया कि 13 अगस्त 2025 को राजा ने उसे घर बुलाकर कथित रूप से धमकी दी कि यदि उसने किसी तरह की कार्रवाई की तो उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया जाएगा और उसके परिवार को भी नुकसान पहुंचाया जाएगा।

राजा के भाई पर राजनीतिक प्रभाव का आरोप

छात्रा ने यह भी आरोप लगाया कि राजा का भाई आदित्य गौतम समाजवादी पार्टी से जुड़ा हुआ है और थाना स्तर पर उसकी पहचान है। पीड़िता के अनुसार वह खुलेआम कहता था “मैं सपा नेता हूं, पुलिस मेरी जेब में है।” छात्रा का कहना है कि इसी दबाव के चलते उसकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा था।

बार-बार समझौता लिखवा कर मुकर जाते थे

पीड़िता ने बताया कि हर बार जब वह शिकायत दर्ज कराने जाती, आरोपी परिवार उसे समझौते का भरोसा देकर कागज पर लिखवा लेता और बाद में मुकर जाता, जिससे उसे लगा कि उससे लगातार धोखाधड़ी हो रही है। पीड़िता ने पुलिस को संबंध, चैट, होटल विज़िट और अन्य प्रमाण देने की बात भी कही है। उसकी तहरीर पर हरीपर्वत थाना पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब मामले की पड़ताल कर रही है और सभी तथ्यों की पुष्टि की जा रही है।