चोरी के पैसे को महिला मित्रों पर लुटाते थे, बंद मकानों को बनाते थे निशाना, दो शातिर गिरफ्तार

आगरा के थाना सदर क्षेत्र के ग्राम खरगा में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए गैंगस्टर रह चुके रजनीकांत और उसके साले विजय को गिरफ्तार किया है। दोनों बंद मकानों की रेकी कर चोरी करते थे और चोरी के पैसों से महिला मित्रों पर महंगे होटल, शॉपिंग और ब्रांडेड सामान पर खर्च करते थे। पुलिस ने उनके पास से 90 ग्राम पीली धातु, ₹2.82 लाख नकद और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।

Jul 6, 2026 - 17:41
 0
चोरी के पैसे को महिला मित्रों पर लुटाते थे, बंद मकानों को बनाते थे निशाना, दो शातिर गिरफ्तार
शातिर चोरों के बारे में जानकारी देते एडीसीपी सिटी/क्राइम हिमांशु गौरव।

आगरा। महंगे शौक, महिला मित्रों पर खर्च और आलीशान जिंदगी का दिखावा करने के लिए दो शातिर चोर लगातार बंद मकानों को निशाना बना रहे थे। थाना सदर पुलिस ने ग्राम खरगा में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए गैंगस्टर रह चुके रजनीकांत और उसके साले विजय को गिरफ्तार किया है। दोनों चोरी के पैसों से महिला मित्रों को महंगे होटलों में ले जाते थे, ब्रांडेड कपड़े, जूते और महंगे गिफ्ट खरीदकर खुद को रसूखदार दिखाने की कोशिश करते थे।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी पहले ऐसे मकानों की रेकी करते थे, जिनमें लोग बाहर गए हों या लंबे समय से ताले लगे हों। पूरी जानकारी जुटाने के बाद मौका देखकर घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। ग्राम खरगा में हुई चोरी की जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले, जिसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गैंगस्टर रह चुके रजनीकांत और उसके साले विजय के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने स्वीकार किया कि चोरी से मिलने वाले पैसों का बड़ा हिस्सा अपनी महिला मित्रों पर खर्च करते थे। उन्हें महंगे होटलों में घुमाना, ब्रांडेड कपड़े और जूते खरीदकर देना तथा खुद को बड़ा कारोबारी या संपन्न व्यक्ति बताकर प्रभावित करना उनकी आदत बन चुकी थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 90 ग्राम पीली धातु (सोने के आभूषण), 2 लाख 82 हजार रुपये नकद तथा चोरी की वारदात में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। 

एडीसीपी सिटी/क्राइम हिमांशु गौरव ने बताया कि दोनों आरोपी बंद मकानों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। पूछताछ में चोरी के पैसों के इस्तेमाल को लेकर भी कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य संभावित आरोपियों की तलाश और चोरी के बाकी माल की बरामदगी में जुटी हुई है।