बदायूं में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 12 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली इकाई ने बिजली विभाग में रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 12 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते दो कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खेत में ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर जल जाने के बाद दूसरा ट्रांसफार्मर विद्युत बिल माफी योजना के तहत लगाने के नाम पर शिकायतकर्ता से 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

Aug 13, 2026 - 18:27
 0
बदायूं में ट्रांसफार्मर लगाने के नाम पर 12 हजार की रिश्वत लेते बिजली विभाग के दो कर्मचारी रंगे हाथ गिरफ्तार
बदायूं में रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किये गये दोनों आरोपी।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उसके खेत में ट्यूबवेल का ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके बाद दूसरा ट्रांसफार्मर विद्युत बिल माफी योजना के तहत लगाने के नाम पर बिजली विभाग के कर्मचारियों द्वारा 12 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत मिलने के बाद भ्रष्टाचार निवारण संगठन की बरेली इकाई ने मामले की जांच करते हुए कार्रवाई की योजना बनाई। बुधवार को टीम ने जरीफनगर स्थित 33/11 केवी बिजलीघर के पास जाल बिछाया। इसी दौरान बिजली विभाग के कर्मचारी रिश्वत की रकम लेने पहुंचे।

टीम ने कार्रवाई करते हुए हरदेवा राम, टीजी-2, तथा मानक चंद्र, संविदाकर्मी लाइनमैन, को कथित तौर पर 12 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी हरदेवा राम राजस्थान के नागौर जिले का निवासी है और वर्तमान में जरीफनगर बिजलीघर में तैनात था। वहीं दूसरा आरोपी मानक चंद्र बदायूं जिले का रहने वाला है और संविदाकर्मी लाइनमैन के रूप में कार्यरत था।

भ्रष्टाचार निवारण संगठन की कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं में बदायूं जिले के सहसवान थाने में मुकदमा दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor