बरेली में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से भिड़ी, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जनपद के ग्रामीण क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों को उजाड़ दिया। थाना भमोरा क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर विद्युत पोल से टकरा गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही जिंदगी खत्म हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Apr 4, 2026 - 20:42
 0
बरेली में तेज रफ्तार बाइक बिजली के खंभे से भिड़ी, दो दोस्तों की दर्दनाक मौत
हादसे में मृत दोनों युवकों के फाइल फोटो।

दोस्ती की मुलाकात बनी अंतिम सफर

पुलिस के अनुसार, जिला बदायूं के थाना विनवार क्षेत्र निवासी 25 वर्षीय रोहित शर्मा पुत्र महेंद्र पाल शर्मा अपने मित्र 18 वर्षीय अमित शर्मा पुत्र रामसेवक शर्मा से मिलने बिशारतगंज (बरेली) आया था। दोनों दोस्तों ने साथ समय बिताया, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह मुलाकात उनकी आखिरी होगी।

अंडरपास में हुआ भीषण हादसा

रात में दोनों युवक मोटरसाइकिल से देवचरा (थाना भमोरा) की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे थाना भमोरा क्षेत्र के गांव रमपुरा के पास रेलवे अंडरपास में पहुंचे, अचानक बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। शनिवार को पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

परिवारों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। जवान बेटों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

आंवला क्षेत्राधिकारी नितिन कुमार ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। मामले की जांच की जा रही है।

SP_Singh AURGURU Editor