कोली गर्जना महासंघ के स्थापना दिवस पर केंद्रीय मंत्री प्रो. बघेल ने दिया शिक्षा, संगठन और उत्थान का मंत्र
आगरा। मदिया कटरा में कोली गर्जना महासंघ के प्रथम स्थापना दिवस समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समाज की एकता, शिक्षा, संगठन और सामाजिक उत्थान को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताते हुए समाज को संगठित होकर आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही महासंघ के प्रथम स्थापना दिवस पर सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोगों की उपस्थिति के बीच केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल का जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति का आधार शिक्षा, संगठन और आपसी एकजुटता होती है। जब समाज संगठित होकर कार्य करता है, तब उसके विकास के नए आयाम स्थापित होते हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने और सामाजिक जिम्मेदारियों के निर्वहन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी वर्गों को मिलकर कार्य करना होगा। सामाजिक समरसता, पारस्परिक सहयोग और जागरूकता के माध्यम से ही मजबूत समाज का निर्माण संभव है। उन्होंने कोली गर्जना महासंघ द्वारा समाज को संगठित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे सकारात्मक पहल बताया।
कार्यक्रम में कैलाश माहौर, शंकरलाल माहौर, विजय माहौर, रोहित माहौर, अंकित माहौर, नीरज माहौर, दिनेश माहौर, देव माहौर, जगदीश माहौर, नागेश्वरनाथ कोली, नरेश कोली, भानुप्रताप कोली और विकास माहौर सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं समाजबंधुओं ने सहभागिता कर संगठन की मजबूती का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के वरिष्ठजनों ने संगठन की भावी योजनाओं पर चर्चा करते हुए सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयासों पर बल दिया। अंत में अतिथियों का स्वागत एवं सम्मान किया गया और समाज के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया गया।