इंदिरा एकादशी पर आगरा के खाटू श्याम जी दरबार में भक्ति और पुष्प सज्जा का अनूठा संगम

आगरा के जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में इंदिरा एकादशी के पावन अवसर पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। अलसुबह से ही भक्तों का सैलाब मंदिर प्रांगण में उमड़ पड़ा, जहां फूलों से सजे दरबार में श्याम बाबा के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

Sep 17, 2025 - 20:09
 0
इंदिरा एकादशी पर आगरा के खाटू श्याम जी दरबार में भक्ति और पुष्प सज्जा का अनूठा संगम
इंदिरा एकादशी के अवसर पर श्री खाटू श्याम जी मंदिर जीवनी मंडी में फूलों के श्रृंगार के मध्य विराजमान श्याम बाबा।

इंदिरा एकादशी पर्व धूमधाम और भक्ति भाव से मनाया गया। विशेष अवसर पर मंदिर को पुष्पों से भव्य रूप से सजाया गया। दरबार में खिले फूलों की सुगंध और रंग-बिरंगी छटा ने श्रद्धालुओं को दिव्य आध्यात्मिक अनुभव कराया।

अलसुबह से ही श्रद्धालुओं की कतारें मंदिर के बाहर लग गईं। पुष्प श्रृंगार के बीच श्याम बाबा के दर्शन कर भक्तों ने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना की।

दिनभर हुए आयोजन में भजन संध्या, झांकी दर्शन और प्रसाद वितरण ने पर्व की भव्यता को और बढ़ा दिया। मंदिर प्रांगण श्याम नाम के जयकारों से गूंज उठा और वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बन गया।

मंदिर समिति अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि श्याम बाबा की कृपा से यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए अनूठा आध्यात्मिक अनुभव लेकर आया। फूलों की भव्य सज्जा और आकर्षक झांकियों ने भक्तों को दिव्य आभा से जोड़ दिया। उन्होंने कामना की कि बाबा श्याम सभी पर कृपा बनाए रखें और समाज में सद्भाव व भाईचारे का संचार हो।

पूरे दिन श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर भक्ति और आस्था में सराबोर रहे।

SP_Singh AURGURU Editor