आगरा के बाह क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, मां और दो बेटियां गंभीर घायल
आगरा जनपद के थाना बाह क्षेत्र में शनिवार देर रात तेज़ रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार एक ही परिवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला और उसकी दो पुत्रियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को हायर सेंटर आगरा रैफर किया गया है।
घटना थाना बाह क्षेत्र के जरार स्थित कृष्णा होटल के पास की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अज्ञात वाहन ने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े। हादसे में ज्ञान देवी पत्नी हुकम सिंह (42 वर्ष), कविता पुत्री हुकम सिंह (18 वर्ष) और रेखा पुत्री हुकम सिंह (10 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गईं। तीनों कुंअरखेड़ा, थाना बासौनी की निवासी बताई गई हैं।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने तीनों को आगरा के हायर सेंटर रैफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारकर फरार वाहन की पहचान की जा सके। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।