यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 1 और 2 नवंबर को, बरेली में 15 केंद्रों पर 12,960 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-ए, उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) पदों की ऑफलाइन लिखित परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है। परीक्षा 1 और 2 नवंबर को प्रदेश के 10 जिलों में होगी, जिनमें बरेली में सबसे अधिक 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। कुल 12,960 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। डीआईजी बरेली रेंज अजय कुमार साहनी ने बताया कि परीक्षा को नकलविहीन, सुरक्षित और पारदर्शी ढंग से कराने के लिए पुलिस ने सख्त व्यवस्था की है।

Oct 17, 2025 - 18:38
 0
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा 1 और 2 नवंबर को, बरेली में 15 केंद्रों पर 12,960 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा
बरेली के डीआईजी अजय कुमार साहनी।

डीआईजी अजय कुमार साहनी के अनुसार, बरेली जिले में पहले दिन यानी 1 नवंबर को 6,960 और दूसरे दिन 2 नवंबर को 6,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और शुचिता के विशेष प्रबंध किए गए हैं। एक केंद्र पर एक प्रभारी निरीक्षक, पाँच सब इंस्पेक्टर और महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों की टीम तैनात रहेगी।

डीआईजी ने बताया कि परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र पर लाइव मॉनिटरिंग, वीडियोग्राफी और सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था की गई है। सभी केंद्रों की गतिविधियाँ कंट्रोल रूम से सीधी लिंकिंग के जरिए देखी जाएंगी। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

महिला अभ्यर्थियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केंद्रों पर महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है। ट्रैफिक और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी एसपी ट्रैफिक अकमल खान को सौंपी गई है। सभी परीक्षा केंद्रों पर गश्ती दल लगातार निगरानी रखेगा ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

डीआईजी साहनी ने कहा कि पुलिस बल पूरी तत्परता से तैनात रहेगा और सभी अभ्यर्थियों को सुरक्षित वातावरण में परीक्षा दिलाई जाएगी। प्रवेश पत्र परीक्षा तिथि से तीन दिन पहले भर्ती बोर्ड की वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor