आगरा के बटेश्वरनाथ में जलाभिषेक को लेकर बवाल, कांवड़ियों और मंदिर कमेटी के लोगों के बीच संघर्ष, कांवड़ खंडित करने का आरोप

आगरा। तीर्थ धाम बटेश्वरनाथ मंदिर में जलाभिषेक को लेकर रविवार देर रात कांवड़ियों और मंदिर कमेटी से जुड़े लोगों के बीच संघर्ष हो गया। मंदिर में प्रवेश और जल चढ़ाने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों में लात-घूंसे और डंडे चले। कांवड़ियों ने आरोप लगाया कि उनके साथ लाठी, डंडे और सरिया से मारपीट की गई तथा उनकी कांवड़ें खंडित कर दी गईं। दूसरे पक्ष का कहना है कि ये कांवड़िये व्यवस्था तोड़कर मंदिर में घुस रहे थे, जिसे रोकने पर इन लोगों ने मारपीट की।

Aug 10, 2026 - 20:08
 0
आगरा के बटेश्वरनाथ में जलाभिषेक को लेकर बवाल, कांवड़ियों और मंदिर कमेटी के लोगों के बीच संघर्ष, कांवड़ खंडित करने का आरोप
सावन माह के दूसरे सोमवार को बटेश्वरनाथ पर अपने आराध्य की पूजा अर्चना करने पहुंचे लोग।

मामला आगरा के बटेश्वर तीर्थ धाम का है। बताया गया कि हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए कांवड़िए रविवार रात बटेश्वर पहुंचे थे। मुख्य मंदिर में जलाभिषेक को लेकर उनकी मंदिर कमेटी के सदस्यों से कहासुनी हो गई। कांवड़ियों का आरोप है कि उन्हें मंदिर में जल चढ़ाने से रोका जा रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दूसरी ओर मंदिर कमेटी का कहना है कि कुछ कांवड़िए मंदिर में प्रवेश की व्यवस्था को तोड़कर पीछे से मंदिर में घुस रहे थे। इन्हें रोका गया तो मारपीट करने लगे।

जलाभिषेक को लेकर शुरू हुआ विवाद

कांवड़िए रमेश चंद ने बताया कि विवाद जलाभिषेक को लेकर हुआ। उनका कहना है कि कमेटी के सदस्य जल नहीं चढ़ाने दे रहे थे। इसकी वजह पूछने पर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। आरोप है कि दूसरे पक्ष के लोगों ने सरिया, लाठी और डंडों से हमला किया। एक पीड़ित ने मोबाइल फोन और पर्स छीनने तथा उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली और व्यवस्था तोड़ने के आरोप में चार युवकों को हिरासत में ले लिया।

विवाद के दौरान मौके पर अफरातफरी मच गई। मारपीट में पिढौरा निवासी जितेंद्र, रमेश चंद्र, चंद्रभान, मानसिंह, विजय, शिवकांत, आकाश और कुलदीप के घायल होने की बात सामने आई है। घायलों का मेडिकल कराया गया है।

कांवड़ खंडित करने का आरोप

पीड़ित कांवड़ियों का आरोप है कि मारपीट के दौरान उनकी कांवड़ भी खंडित कर दी गई। पुलिस ने मौके से कांवड़ को कब्जे में लेकर थाने में रख लिया। कांवड़ियों का कहना है कि वे हरिद्वार से कांवड़ लेकर बटेश्वर पहुंचे थे और जलाभिषेक करने के लिए मंदिर आए थे।

चार युवक हिरासत में, पुलिस ने संभाली स्थिति

विवाद की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस की मौजूदगी में मामला शांत कराया गया। पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। घायलों में जितेंद्र और रमेश चंद्र का मेडिकल कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

रमेश चंद का आरोप है कि वे सुबह से थाने पर बैठे हैं और थाना प्रभारी के आने का इंतजार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्हें करीब दो घंटे में थाना प्रभारी के आने की बात कही गई थी, लेकिन शाम तक थाना प्रभारी नहीं पहुंचे।

SP_Singh AURGURU Editor