अमेरिकी राजदूत बोले-  कश्मीर भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा, सर्जियो गोर का बयान पाक के लिए झटका

भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू और कश्मीर को भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। उनके इस बयान की पूरी दुनिया में चर्चा हो रही है। इस बयान को पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा झटका माना जा रहा है, जो ट्रंप प्रशासन में अमेरिका से नजदीकी का दावा करता है।

Aug 19, 2026 - 21:48
 0
अमेरिकी राजदूत बोले-  कश्मीर भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा, सर्जियो गोर का बयान पाक के लिए झटका

नई दिल्ली। भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने बुधवार को जम्मू और कश्मीर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कश्मीर भारत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अमेरिकी राजदूत के इस बयान को पाकिस्तान के लिए झटका माना जा रहा है, जो लंबे समय से कश्मीर पर अपना दावा करता है। हाल के वक्त में पाकिस्तान और अमेरिका के संबंध मजबूत हुए हैं। ऐसे में अमेरिकी राजदूत का कश्मीर को लेकर भारत का समर्थन करना और भी महत्वपूर्ण है।

सर्जियो गोर के कश्मीर को लेकर दिए बयान पर ऑस्ट्रियाई-बुल्गारियाई भू-राजनीतिक विशेषज्ञ वेलिना चकारोवा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक्स पर कहा, "ईरान के मामले में मध्यस्थता की भूमिका और सऊदी अरब व तुर्की के साथ रक्षा समझौतों की वजह से पाकिस्तान का हौसला बढ़ा है, लेकिन बड़े भू-राजनीतिक खेल में आखिरी फैसला हमेशा वैश्विक ताकतों का ही होता है। इस मामले में, नए गठबंधनों और क्षेत्रीय भू-राजनीति में दखल देने के लिए अमेरिका भारत का साथ देता है।"

इंडो-पैसिफिक सॉल्यूशंस के संस्थापक और अंतरराष्ट्रीय मामलों के जानकार डेरेक जे ग्रॉसमैन ने उमर अब्दुल्ला के एक्स पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए लिखा, "राजदूत गोर ने आज जम्मू-कश्मीर का दौरा किया, जो भारत के लिए एक बड़ा प्रोत्साहन है, लेकिन समस्या यह है कि उनके बॉस पाकिस्तान को पसंद कर सकते हैं।"

अमेरिका कश्मीर को भारत और पाकिस्तान के बीच का एक विवादित क्षेत्र मानता रहा है। अमेरिका का पारंपरिक रुख रहा है कि कश्मीर पर भारत और पाकिस्तान को सीधे बातचीत करनी चाहिए, हालांकि समय-समय पर अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने मध्यस्थता की पेशकश भी की है। हालांकि, भारत ने हर बार अमेरिकी पेशकश को ठुकाराया है और कहा है कि इसे सिर्फ भारत और पाकिस्तान ही हल करेंगे और किसी तीसरे देश की भूमिका की कोई जरूरत नहीं है।

इस मौके पर सर्जियो गोर ने कहा कि अमेरिका जम्मू-कश्मीर के लिए जारी यात्रा परामर्श की समीक्षा करेगा, क्योंकि केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने क्षेत्र को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कदम उठाए हैं। गोर ने कहा, “अमेरिका यात्रा से जुड़ी चेतावनियां जारी करता है और हम समय-समय पर इनकी समीक्षा भी करते हैं। मैं आज यहां कोई बड़ी घोषणा तो नहीं कर सकता, लेकिन हम इस मुद्दे पर विचार जरूर करेंगे।” उन्होंने कहा कि हमारा मानना है कि नयी दिल्ली, यहां के मुख्यमंत्री और यहां के प्रशासन ने इस क्षेत्र को और अधिक सुरक्षित बनाने के लिए कुछ बेहतरीन कदम उठाए हैं।