वैभव सूर्यवंशी ने विश्व कप फाइनल में बना डाले कई रिकार्ड,  80 गेंदों में 175 रन ठोके

वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड के खिलाफ अंडर 19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के दम पर कई रिकॉर्ड चकनाचूर हो गए हैं।  

Feb 6, 2026 - 16:04
 0
वैभव सूर्यवंशी ने विश्व कप फाइनल में बना डाले कई रिकार्ड,  80 गेंदों में 175 रन ठोके

 

नई दिल्ली। अंडर 19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने इंग्लैंड की टीम के ऊपर हल्ला बोल दिया। सिर्फ 55 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने वाले वैभव सूर्यवंशी का बल्ला वहीं नहीं रुका और उन्होंने सिर्फ 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए। वह अंडर 19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
  
वैभव सूर्यवंशी ने अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों पर 175 रन ठोक दिए। वे इस पारी में अपनी डबल सेंचुरी ठोकने से चूक गए। इस पारी में कुल 15 चौके और 15 छक्के शामिल रहे। उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाजों को हर कौने में जमकर मारा।

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर 19 वर्ल्ड कप की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का भी रिकॉर्ड हो चुका है। वैभव ने इस पारी में 15 छक्के मारे। उनसे पहले यह रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के माइकल हिल के नाम था, जिन्होंने 12 छक्के लगाए थे।

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 में सबसे तेज 150 रन बनाने का रिकॉर्ड है। उन्होंने 71 गेंदों में ये कारनामा किया। इससे पहले स्कॉटलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के बेन मेयस ने 98 गेंदों पर यह कारनामा किया था। लेकिन सूर्यवंशी उनसे काफी आगे निकल गए हैं।
दूसरा सबसे तेज शतक लगाया

वैभव सूर्यवंशी के नाम अब अंडर-19 में दूसरा सबसे तेज शतक हो गया है। उन्होंने इस मैच में अपना शतक सिर्फ 55 गेंदों पर पूरा किया। उनसे आगे सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के विल मलाजजुक थे जिन्होंने 51 गेंद पर जापान के खिलाफ शतक लगाया था।
फाइनल में शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय

वैभव सूर्यवंशी अंडर 19 वर्ल्ड कप के फाइनल में शतक लगाने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय हैं। उनसे पहले 2012 में उनमुक्त चंद और 2018 में मनजोत कालरा ने शतक लगाया था। वहीं वे ऐसा करने वाले दुनिया के सिर्फ छठे बल्लेबाज हैं।