36 वर्षों से वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा-संस्कार का दीप जला रहे आगरा के भामाशाह, वनबंधु परिषद ने किया सम्मान

आगरा। आगरावासी भामाशाहों के सहयोग से वनवासी और आदिवासी क्षेत्रों में पिछले 36 वर्षों से शिक्षा, संस्कार और स्वावलंबन का अभियान लगातार चल रहा है। वनबंधु परिषद के एकल विद्यालय अभियान के माध्यम से लाखों वनवासी बच्चों और उनके परिवारों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन एवं जागरण की पहुंच बनाई जा रही है। इसी अभियान में सहयोग देने वाले दानदाताओं और प्रेरणास्रोत सदस्यों का रविवार को महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में आयोजित समारोह में सम्मान किया गया।

Aug 23, 2026 - 19:59
 0
36 वर्षों से वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा-संस्कार का दीप जला रहे आगरा के भामाशाह, वनबंधु परिषद ने किया सम्मान
वन बंधु परिषद आगरा चैप्टर द्वारा महाराजा अग्रसेन सेवा सदन कमला नगर में आयोजित दानदाता सम्मान समारोह में मौजूद आगरा के भामाशाह और वनबंधु परिषद के पदाधिकारी।

वनबंधु परिषद आगरा चैप्टर के अध्यक्ष वीरेंद्र कुमार सिंघल ने बताया कि वर्ष 1990 से आगरावासी भामाशाहों के सहयोग से वनवासी क्षेत्रों में शिक्षा और संस्कार का दीप अनवरत जल रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कार, स्वावलंबन एवं जागरण के माध्यम से वनवासी एवं आदिवासी समाज को राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उपाध्यक्ष सीए गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि वनबंधु परिषद द्वारा वनवासी क्षेत्रों में 85,593 एकल विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें करीब 27 लाख बच्चों को शिक्षा और संस्कार मिल रहे हैं। आगरा चैप्टर भी दानदाताओं के सहयोग से इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

उपाध्यक्ष रवि अग्रवाल ने बताया कि वनवासियों और ग्रामीणों को सिलाई केंद्रों के माध्यम से स्वावलंबी बनाने के साथ तकनीकी युग से जोड़ने के लिए डिजिटल कंप्यूटर लैब की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

30 हजार रुपये में एक विद्यालय की वर्षभर की जिम्मेदारी

कोषाध्यक्ष दीपक कुमार अग्रवाल ने बताया कि एकल अभियान के तहत एक आदिवासी गांव में एक विद्यालय संचालित होता है, जहां एक शिक्षक करीब 30 बच्चों को शिक्षा और संस्कार प्रदान करता है। इस प्रकार एक विद्यालय से 30 परिवारों तक सकारात्मक बदलाव पहुंचता है। उन्होंने बताया कि 30 हजार रुपये वार्षिक दान देकर 30 विद्यार्थियों वाले एकल विद्यालय की पूरे वर्ष की जिम्मेदारी उठाई जा सकती है।

कार्यक्रम का संचालन उपाध्यक्ष सीए गोविंद प्रसाद अग्रवाल ने किया, जबकि सचिव जगदीश प्रसाद बंसल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर मार्गदर्शक विजय कुमार खन्ना, देवेंद्र वाजपेई एडवोकेट, रामरतन मित्तल, हरीओम अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश वर्मा, सह सचिव डॉ. जीएस जैन, संगठन मंत्री सुभाष चंद्र अग्रवाल एडवोकेट, अशोक अग्रवाल कपड़े वाले, नरेंद्र बंसल चांदी वाले, योजना प्रमुख सुरेंद्र शर्मा, नरेंद्र बंसल, सह कोषाध्यक्ष अनिल कुमार अग्रवाल, महिला समिति अध्यक्ष सुमन जैन, उपाध्यक्ष सुधा अग्रवाल, सचिव अनु अग्रवाल, कोषाध्यक्ष शालिनी गर्ग, सह सचिव सुमन अग्रवाल, नॉर्थ जोन अध्यक्ष लता जैन, सुनील शर्मा, सलिल कुमार गोयल, कपिल अग्रवाल, अनिल गोयल और चैप्टर प्रकल्प प्रमुख रामेंद्र सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor