9 जुलाई को होगा वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह, पत्रिका का विमोचन कर की गई विधिवत घोषणा

आगरा। आगरा दिगंबर जैन समाज के लिए एक अत्यंत शुभ और आध्यात्मिक अवसर सामने आ रहा है। आचार्यश्री चैत्यसागर महाराज ससंघ के पावन सान्निध्य में 9 जुलाई को श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर, अतिशय क्षेत्र पीर कल्याणी नसिया जी में चातुर्मास मंगल कलश स्थापना समारोह का आयोजन किया जाएगा। इसकी औपचारिक जानकारी प्रेस वार्ता में दी गई, जहां आयोजन समिति द्वारा कार्यक्रम की विस्तृत पत्रिका का विमोचन भी किया गया।

Jul 8, 2025 - 12:04
 0
9 जुलाई को होगा वर्षायोग मंगल कलश स्थापना समारोह, पत्रिका का विमोचन कर की गई विधिवत घोषणा
श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में चातुर्मास आयोजन की पत्रिका का विमोचन करते आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री सुनील ठेकेदार, संयोजक राजेन्द्र कुमार एडवोकेट, अर्थमंत्री राकेश जैन पर्देवाले।

-आचार्यश्री चैत्यसागर ससंघ के सान्निध्य में होगा आगरा का ऐतिहासिक चातुर्मास आयोजन

श्री नेमिनाथ दिगंबर जैन मंदिर परिसर में आगरा दिगंबर जैन परिषद के अध्यक्ष जगदीश प्रसाद जैन, महामंत्री सुनील ठेकेदार, संयोजक राजेन्द्र कुमार एडवोकेट, अर्थमंत्री राकेश जैन पर्देवालों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्य और धार्मिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

आचार्यश्री का तीसरा चातुर्मास आगरा में

महामंत्री सुनील ठेकेदार ने जानकारी दी कि आचार्यश्री चैत्यसागर जी का यह तीसरा चातुर्मास होगा। उनका पहला चातुर्मास बेलनगंज जैन मंदिर और दूसरा मोतीकटरा के बड़े जैन मंदिर में संपन्न हुआ था। अब तीसरा चातुर्मास पीर कल्याणी अतिशय क्षेत्र में होगा। 2 जुलाई को आचार्यश्री का भव्य मंगल प्रवेश मंदिर परिसर में हो चुका है।

विविध धार्मिक व सांस्कृतिक आयोजन होंगे मुख्य आकर्षण

संयोजक राजेन्द्र कुमार एडवोकेट ने बताया कि मंगल कलश स्थापना समारोह के अंतर्गत संगीतमय पूजन, पाद प्रक्षालन, दीप प्रज्वलन, चित्र अनावरण, शास्त्र भेंट जैसे आध्यात्मिक अनुष्ठान संपन्न होंगे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

चातुर्मास में चार महीने धार्मिक प्रभावना

मीडिया प्रभारी आशीष जैन ने बताया कि चातुर्मास कालखंड के दौरान आगरा नगर में चार महीने तक धार्मिक ऊर्जा का संचार होगा। प्रमुख कार्यक्रमों में वीर शासन जयंती, गुरु पूर्णिमा महोत्सव, पार्श्वनाथ निर्वाण महोत्सव, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और दशलक्षण पर्व शामिल होंगे।

दशलक्षण पर्व में विशेष विधान

परिषद के अर्थमंत्री राकेश जैन ने बताया कि दशलक्षण पर्व में दस दिवसीय धार्मिक आयोजन होंगे। इसमें सुगंध दशमी, अनंत चौदस, क्षमावाणी महापर्व तथा विशेष रूप से श्री इंद्रध्वज महामंडल विधान का आयोजन किया जाएगा।

ये प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर प्रमुख रूप से विजय बैनाड़ा, अनंत कुमार जैन, सह संयोजक राजेन्द्र जैन, मीडिया सह प्रभारी शुभम जैन, पवन जैन, राजेश जैन लालू, अनुज जैन, अशोक जैन एडवोकेट, हुकम जैन, सत्येन्द्र जैन सहित आयोजन समिति के समस्त सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor