यमुना की संभावित बाढ़ को देखते हुए सांसद नवीन जैन ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया

आगरा। बल्केश्वर स्थित पार्वती घाट पर राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने शनिवार को यमुना नदी के जलस्तर का निरीक्षण किया। सांसद ने संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया। प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिए कि आपातकालीन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

Aug 23, 2025 - 19:01
 0
यमुना की संभावित बाढ़ को देखते हुए सांसद नवीन जैन ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया
बल्केश्वर के पार्वती घाट क्षेत्र का संभावित बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे सांसद नवीन जैन। साथ हैं भाजपा कार्यकर्ता। 

सांसद ने कहा कि यमुना का जलस्तर बढ़ने से बल्केश्वर और आसपास की बस्तियों में रह रहे लोग गंभीर संकट में आ सकते हैं। उन्होंने दूरभाष के माध्यम से जिला प्रशासन को निर्देशित किया कि 24x7 मॊनीटरिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आपदा के समय हर पल अमूल्य होता है, इसलिए बचाव व राहत कार्य की जिम्मेदारियों का स्पष्ट खाका अभी से तैयार कर लिया जाए।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि रेस्क्यू टीमों की अग्रिम तैनाती की जाए। राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाएं और बचाव उपकरण समय से पहले उपलब्ध हों। साथ ही नदी किनारे रहने वाले परिवारों के लिए सुरक्षित स्थानों की व्यवस्था कर ली जाए ताकि संकट आने पर समय बर्बाद न हो।

सांसद ने अपील कि नदी किनारे रहने वाले सभी लोग अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा का ध्यान रखें। किसी भी स्थिति में अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें।

निरीक्षण के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष शिव शैलेंद्र सिंह, पार्षद प्रदीप अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, अमित अग्रवाल ग्वाला जी, पूर्व मंडल अध्यक्ष महेश निषाद, गिर्राज बंसल, पवन बंसल, मंडल उपाध्यक्ष मानव कुमार, चंद्रभान केहरवार, शैलू गौतम सहित कई लोग मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor