विराट का विजयी छक्का, आरसीबी का लगातार दूसरा आईपीएल खिताब, गुजरात को हराकर रचा इतिहास

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 155/8 रन बनाए, जिसके जवाब में विराट कोहली की नाबाद 75 रन की शानदार पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार दूसरे सीजन में ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया।

Jun 1, 2026 - 00:14
 0
विराट का विजयी  छक्का, आरसीबी का लगातार दूसरा आईपीएल खिताब,  गुजरात को हराकर रचा इतिहास

अहमदाबाद। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने आईपीएल में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार खिताब जीत लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 155/8 रन बनाए, जिसके जवाब में विराट कोहली की नाबाद 75 रन की शानदार पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 18 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ आरसीबी ने लगातार दूसरे सीजन में ट्रॉफी अपने नाम कर इतिहास रच दिया।

विराट की कप्तानी पारी से आरसीबी बनी चैंपियन

आईपीएल फाइनल जैसे बड़े मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दबाव को शानदार ढंग से संभाला। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली टीम ने गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचने का मौका नहीं दिया और फिर बल्लेबाजी में विराट कोहली ने अपनी क्लास दिखाते हुए टीम को जीत दिला दी।

156 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु को विराट कोहली और वेंकटेश अय्यर ने तेज शुरुआत दिलाई। अय्यर ने केवल 16 गेंदों में 32 रन बनाकर गुजरात के गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। हालांकि दूसरे छोर पर विकेट गिरते रहे। देवदत्त पडिक्कल 1 रन, रजत पाटीदार 15 रन और क्रुणाल पंड्या 1 रन बनाकर जल्दी पवेलियन लौट गए। लेकिन विराट कोहली एक छोर पर डटे रहे और पारी को मजबूती से आगे बढ़ाते रहे।

टिम डेविड और जितेश शर्मा ने निभाई अहम भूमिका

जब मैच निर्णायक मोड़ पर पहुंच रहा था, तब टिम डेविड ने विराट का बेहतरीन साथ निभाया। उन्होंने 17 गेंदों में 24 रन बनाकर रन गति को बनाए रखा और जीत को आसान बना दिया। इसके बाद जितेश शर्मा ने नाबाद 11 रन की उपयोगी पारी खेली। विराट कोहली ने 42 गेंदों में नाबाद 75 रन बनाए और विजयी छक्का लगाकर मैच खत्म किया। उनकी इस पारी ने फाइनल को एकतरफा बना दिया और आरसीबी के खिताबी अभियान का शानदार अंत किया।

गुजरात की शुरुआत बिगड़ी, सुंदर ने बचाई लाज

पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 55 रन के भीतर अपने तीन महत्वपूर्ण विकेट गंवा दिए। शुभमन गिल 10 रन, साई सुदर्शन 12 रन और निशांत सिंधु 20 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद जोस बटलर भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे और 19 रन बनाकर चलते बने। एक समय गुजरात का स्कोर संकट में नजर आ रहा था, लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने जिम्मेदारी संभाली। उन्होंने 37 गेंदों में नाबाद 50 रन की संयमित पारी खेली। अर्शद खान (15) और जेसन होल्डर (7) के साथ छोटी-छोटी साझेदारियों की बदौलत गुजरात 20 ओवर में 155/8 तक पहुंचने में सफल रही।

आरसीबी के गेंदबाजों ने रखा जीत की नींव

बेंगलुरु की जीत में गेंदबाजों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। रसिख सलाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 27 रन देकर 3 विकेट झटके और गुजरात के मध्यक्रम को पूरी तरह झकझोर दिया। अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने 2-2 विकेट हासिल किए। वहीं क्रुणाल पंड्या को भी एक सफलता मिली। गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन ने गुजरात को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया।

ऑरेंज कैप पर वैभव सूर्यवंशी का कब्जा

सीजन के सबसे सफल बल्लेबाज के रूप में वैभव सूर्यवंशी ने ऑरेंज कैप अपने नाम की। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाकर पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाए। ऑरेंज कैप की सूची में शुभमन गिल 732 रन के साथ दूसरे और साई सुदर्शन 722 रन के साथ तीसरे स्थान पर रहे। फाइनल में गुजरात की हार के साथ दोनों बल्लेबाजों की ऑरेंज कैप जीतने की उम्मीद भी समाप्त हो गई।

फाइनल स्कोर कार्ड

गुजरात टाइटंस: 155/8 (20 ओवर)

वॉशिंगटन सुंदर 50*

निशांत सिंधु 20

जोस बटलर 19

आरसीबी गेंदबाजी:

रसिख सलाम 3 विकेट

भुवनेश्वर कुमार 2 विकेट

जोश हेजलवुड 2 विकेट

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: 161/5 (18 ओवर)

विराट कोहली 75*

वेंकटेश अय्यर 32

टिम डेविड 24

परिणाम: आरसीबी 5 विकेट से विजयी