आगरा में गहरे गड्ढे में गिरे बेजुबान डॊगी को कैस्पर होम वॊलंटियर ने बचा लिया
आगरा। जब मदद के सभी रास्ते बंद नजर आ रहे थे और कोई भी खतरनाक गड्ढे में उतरने का साहस नहीं जुटा पा रहा था, तब कैस्पर होम के समर्पित वॉलंटियर ऋषभ सक्सेना ने अपनी जान की परवाह किए बिना एक बेजुबान डॊगी की जिंदगी बचाकर मानवता की मिसाल पेश की। शाहगंज क्षेत्र में जर्जर खाली प्लॉट के गहरे गड्ढे में गिरे डॊग का रेस्क्यू बारिश और गिरते मलबे के बीच बेहद जोखिम भरा था, लेकिन ऋषभ ने हिम्मत दिखाते हुए सफलतापूर्वक उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कैस्पर होम की संस्थापिका विनीत अरोड़ा ने बताया कि शाहगंज इलाके से सूचना मिली थी कि एक जर्जर खाली प्लॉट में बने बड़े और गहरे गड्ढे में एक कुत्ता गिर गया है। प्लॉट की हालत बेहद खराब थी और आसपास की दीवारें भी गिरने की स्थिति में थीं। ऐसे खतरनाक स्थान पर उतरना किसी के लिए भी जोखिम भरा था।
उन्होंने बताया कि कुत्ते को बचाने के लिए कई हेल्पलाइन और संबंधित नंबरों पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन तत्काल सहायता उपलब्ध नहीं हो सकी। यहां तक कि आपातकालीन नंबर 112 पर भी संपर्क नहीं हो पाया। दोपहर करीब 3 बजे से मदद का इंतजार किया जा रहा था, लेकिन कोई रेस्क्यू टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी।
जोखिम उठाकर गड्ढे में उतरे ऋषभ
विनीत अरोड़ा ने बताया कि वॉलंटियर्स की सुरक्षा को लेकर चिंता थी, क्योंकि बारिश के मौसम में जर्जर प्लॉट में उतरना बेहद खतरनाक था। इसके बावजूद कैस्पर होम के स्टाफ सदस्य और लंबे समय से जुड़े समर्पित वॉलंटियर ऋषभ सक्सेना ने कुत्ते को बचाने का निर्णय लिया।
ऋषभ ने सावधानीपूर्वक गहरे गड्ढे में उतरकर रेस्क्यू अभियान पूरा किया। इस दौरान ऊपर से मलबा गिरने का खतरा बना हुआ था, लेकिन उन्होंने साहस और सूझबूझ से कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद कुत्ता अब अपनी कॉलोनी में सुरक्षित है, जहां स्थानीय लोग उसकी देखभाल और भोजन की व्यवस्था करते हैं।
विनीत अरोड़ा ने कहा कि कैस्पर होम की पूरी टीम बेजुबान जीवों की सुरक्षा के लिए लगातार काम कर रही है। टीम के सदस्य समय, मौसम और चुनौतियों की परवाह किए बिना जरूरतमंद पशुओं की सहायता के लिए आगे आते हैं। ऋषभ सक्सेना के इस साहसिक प्रयास पर पूरी टीम को गर्व है।
एसपीसीए में पशु सुरक्षा के लिए उठी मांग
विनीत अरोड़ा ने बताया कि एसपीसीए की नई कमेटी, जिसमें वह भी शामिल हैं, की ओर से मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी (सीवीओ) डॉ. डीके पांडे के सामने पशु सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे गए हैं।
उन्होंने मांग की कि पशु क्रूरता रोकने के लिए एक विशेष टीम गठित की जाए, जिसमें प्रशिक्षित सदस्य शामिल हों। इसके साथ ही जरूरतमंद पशुओं के लिए प्रभावी रेस्क्यू टीम बनाने, एसपीसीए के गाय शेल्टर में डॉग शेल्टर की व्यवस्था करने तथा आवारा और घायल पशुओं के लिए बेहतर प्रबंधन प्रणाली विकसित करने का सुझाव दिया गया।
सीवीओ डॉ. डीके पांडे ने इन सुझावों को आगामी बैठक में रखने और आवश्यक कार्रवाई पर विचार करने का आश्वासन दिया।