आगरा कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों का गर्मजोशी से स्वागत: ओरिएंटेशन और इंडक्शन कार्यक्रम में मिला सफलता का मंत्र
आगरा। नए शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के साथ आगरा कॉलेज में नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत, मार्गदर्शन और शैक्षणिक वातावरण से परिचित कराने के लिए विभिन्न विभागों में ओरिएंटेशन एवं स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को कॉलेज की गौरवशाली परंपरा, विषयों की उपयोगिता, रोजगार की संभावनाओं तथा अनुशासित छात्र जीवन के महत्व से अवगत कराया गया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, शोध, नवाचार और सकारात्मक सोच के साथ अपने भविष्य को संवारने का संदेश दिया।
जैव प्रौद्योगिकी विभाग में ओरिएंटेशन कार्यक्रम
आगरा कॉलेज, आगरा के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में सत्र 2026-27 में नव प्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत एवं मार्गदर्शन के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज के मुख्य प्रॉक्टर प्रो. वी.के. सिंह, डॉ. संध्या यादव तथा विभाग प्रभारी डॉ. श्याम गोविंद ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। डॉ. नीता रानी ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की, जिससे पूरा वातावरण ज्ञान और सकारात्मक ऊर्जा से ओत-प्रोत हो गया।
कार्यक्रम का संचालन विभाग की सहायक प्रोफेसर डॉ. यशस्विता चौहान ने किया। उन्होंने अतिथियों एवं नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत की।
इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. संध्या अग्रवाल ने आगरा कॉलेज के 200 वर्षों से अधिक के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपराओं और शैक्षणिक उत्कृष्टता से विद्यार्थियों को परिचित कराया। पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. उपाध्याय ने जैव प्रौद्योगिकी विभाग की उपलब्धियों और उसके शैक्षणिक योगदान की जानकारी दी।
डॉ. दिव्या अग्रवाल ने जैव प्रौद्योगिकी के पाठ्यक्रम, प्रयोगात्मक उपयोगिता और रोजगार की संभावनाओं पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए बताया कि चिकित्सा, कृषि, पर्यावरण और औद्योगिक क्षेत्रों में जैव प्रौद्योगिकी की भूमिका लगातार बढ़ रही है। डॉ. नीता रानी अग्रवाल ने प्रसिद्ध वैज्ञानिक प्रो. के.सी. मेहता के शोध कार्यों तथा पादप रोग विज्ञान के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान की जानकारी दी।
कार्यक्रम को प्रेरणादायक बनाने के लिए द्वितीय वर्ष के मेधावी छात्र प्रदीप, कुशाल, अनिकेत एवं नमन ने अपने अध्ययन एवं प्रयोगशाला अनुभव नवप्रवेशित विद्यार्थियों के साथ साझा किए।
अंत में डॉ. प्रशांत पचौरी ने सभी अतिथियों, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में विभाग के सभी शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
समाजशास्त्र विभाग में स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम आयोजित

आगरा कॉलेज के समाजशास्त्र विभाग में बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए आयोजित स्टूडेंट इंडक्शन कार्यक्रम की एक झलक।
आगरा कॉलेज, आगरा के समाजशास्त्र विभाग द्वारा बी.ए. प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए छात्र परिचय (स्टूडेंट इंडक्शन) कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विभागाध्यक्ष प्रो. मीरा सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन बनाए रखने तथा शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया।
डॉ. महादेव सिंह ने विद्यार्थियों को समाजशास्त्र विषय की प्रकृति, महत्व और समाज निर्माण में उसकी भूमिका से परिचित कराया। वहीं डॉ. अरविंद गुप्ता ने समाजशास्त्र विषय में सरकारी सेवाओं के साथ-साथ कॉरपोरेट क्षेत्र में उपलब्ध रोजगार एवं कैरियर की संभावनाओं पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें विभागीय गतिविधियों और शैक्षणिक अवसरों की जानकारी दी गई।