सनातन चेतना का ज्वार: आगरा में सामूहिक रूप से सैकड़ों कंठों से गूंजा हनुमान चालीसा

आगरा। खंदारी बायपास रोड स्थित होटल विक्रम पैलेस का सभागार उस समय सनातन ऊर्जा की दिव्य ज्योति से आलोकित हो उठा, जब तारक सेवा संस्था एवं शब्दोत्सव फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ एवं काव्य संध्या का आयोजन किया गया। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने एक स्वर में चालीसा पाठ कर ऐसा आध्यात्मिक वातावरण निर्मित किया कि पूरा परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया।

Apr 7, 2026 - 19:31
 0
सनातन चेतना का ज्वार: आगरा में सामूहिक रूप से सैकड़ों कंठों से गूंजा हनुमान चालीसा
खंदारी बायपास रोड स्थित होटल विक्रम पैलेस में तारक सेवा संस्था एवं शब्दोत्सव फाउंडेशन द्वारा आयोजित सामूहिक श्री हनुमान चालीसा पाठ में विचार व्यक्त करते संत अरविंद महाराज।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) आजाद भगत सिंह, विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. रंजना बंसल, स्क्वाड्रन लीडर एके सिंह, ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी एके सिंह, मुख्य वक्ता संत अरविंद महाराज एवं तिलकायत श्रीमनःकामेश्वर मंदिर मठ के महंत योगेश पुरी महाराज द्वारा भगवान श्री हनुमान जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

सनातन ही ऊर्जा का शाश्वत स्रोत: संतों का संदेश

संत अरविंद महाराज ने अपने आशीर्वचनों में कहा कि हनुमान भक्ति मनुष्य को अदम्य शक्ति, साहस और पूर्ण समर्पण की प्रेरणा देती है। महंत योगेश पुरी महाराज ने कहा कि सनातन संस्कृति असीम ऊर्जा का स्रोत है और हनुमान चालीसा उसका सजीव माध्यम, जिसका सामूहिक पाठ समाज में सकारात्मक चेतना का संचार करता है। कार्यक्रम संयोजक प्रो. उमापति दीक्षित ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि हनुमान चालीसा केवल एक स्तुति नहीं, बल्कि जीवन को दिशा देने वाला दिव्य मंत्र है, जो हर संकट से संघर्ष करने की शक्ति देता है।

काव्य संध्या में भक्ति और ओज का अद्भुत संगम

अंतरराष्ट्रीय कवयित्री डॉ. रुचि चतुर्वेदी ने संचालन करते हुए अपनी पंक्तियों- हर कष्ट मिटाने को जग में, आते बजरंग बली…से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कवि पदम गौतम ने- धर्महीन रथ के पहिये का पथ में रुकना निश्चित है… के जरिए श्रोताओं में धर्म के प्रति जागृति का संदेश दिया। इसके अलावा अशोक चौबे, डॉ. बृज बिहारी लाल ‘बिरजू’, मोहित सक्सेना और नूतन अग्रवाल ने भी अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

जय हनुमान की गूंज रही सभागार में

संतोष तिवारी के निर्देशन में जब सामूहिक स्वर में- जय हनुमान ज्ञान गुण सागर…का पाठ प्रारंभ हुआ, तो पूरा सभागार भक्ति के ज्वार में डूब गया। सैकड़ों कंठों से निकली एकसाथ ध्वनि ने ऐसा आध्यात्मिक कंपन उत्पन्न किया कि श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

कार्यक्रम के अंत में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर बजरंग बली से विश्व में बढ़ते युद्ध संकटों से मुक्ति एवं शांति की कामना की। इस अवसर पर गीता प्रकोष्ठ प्रभारी प्रो. हरिवंश पांडे, प्रो. लव कुश मिश्रा, हेमंत द्विवेदी, डॉ. भोजराज शर्मा, कोषाध्यक्ष प्रो. विजय कुमार सिंह, आरबीएस कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विजय श्रीवास्तव, सुनील दीक्षित, निर्मला दीक्षित, एड. रवि चौबे, डॉ. शिवानी पाठक, प्रीति यादव, वंदना पाराशर, दिवाकर तिवारी, प्रो. हरभान सिंह सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor