रन फॉर यूनिटी मार्च में उमड़ा देशभक्ति का सागर, सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर आगरा में गूंजे ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के नारे
आगरा । भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा “रन फॉर यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और एकता का उल्लास स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
आगरा । भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा द्वारा “रन फॉर यूनिटी मार्च” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देशभक्ति और एकता का उल्लास स्पष्ट रूप से झलकता नजर आया।
यह मार्च पालीवाल पार्क स्थित विश्वविद्यालय परिसर से प्रारंभ होकर शहीद स्मारक, संजय प्लेस तक निकाला गया। मार्च का शुभारंभ सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस दौरान उपस्थित जनों ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और नशामुक्त भारत की शपथ ली।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. बघेल ने दिखाई हरी झंडी
“रन फॉर यूनिटी” को केंद्रीय मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कुलपति डॉ. आशु रानी और जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में एडीएम प्रशासन आज़ाद भगत सिंह, एडीएम नागरिक आपूर्ति अजय नारायण सिंह, विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों के प्रोफेसर एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
युवाओं ने तिरंगे और जनजागरूकता संदेशों के साथ भरी दौड़
मार्च में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के हजारों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। सभी ने हाथों में तिरंगा झंडा और प्लास्टिक मुक्त, नशा मुक्त भारत, मिशन शक्ति जैसे जनजागरूकता संदेश वाले पोस्टर थामे थे। “जय हिंद, जय भारत, सरदार पटेल अमर रहें, एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे नारों से वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।
“सरदार पटेल ने अखंड भारत की नींव रखी” — प्रो. बघेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि “सरदार पटेल ने आजादी के बाद रियासतों का विलय कर अखंड भारत की परिकल्पना को साकार किया। अगर सरदार पटेल न होते, तो आजादी का वास्तविक अर्थ अधूरा रह जाता।” उन्होंने कहा कि जो समाज अपने पुरखों का सम्मान नहीं करता, वह आगे नहीं बढ़ सकता। ऐसी जयंतियों से जागृति आती है, जागृति से स्रोत बनता है, स्रोत से संघर्ष की क्षमता आती है और संघर्ष से इतिहास रचा जाता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हमें अपने स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्रनिर्माताओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करनी चाहिए, जिन्होंने भारत को आजादी दिलाने और उसे विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दिया।
अतिथि और अधिकारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय कुल सचिव अजय मिश्रा, क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी संजय शर्मा, जिला युवा अधिकारी श्रवण सहगल, जिला युवा कल्याण अधिकारी बृजेंद्र कुमार सिंह तथा विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
“एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संकल्प
“रन फॉर यूनिटी मार्च” के माध्यम से उपस्थित नागरिकों और विद्यार्थियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक सद्भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया। पूरा शहर सरदार पटेल के आदर्शों और राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया।