वैवाहिक सीजन से पहले वेडिंग इंडस्ट्री की पुलिस से बड़ी मांग, सुरक्षा के साथ ट्रैफिक व्यवस्था मजबूत करने और नाइट पेट्रोलिंग बढ़ाने का आग्रह
आगरा। वैवाहिक सीजन शुरू होने से पहले आगरा की वेडिंग इंडस्ट्री ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन का ध्यान प्रमुख समस्याओं की ओर खींचा है। वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा। एसोसिएशन ने फतेहाबाद रोड, पश्चिमपुरी, सिकंदरा, शाहगंज और जयपुर हाउस समेत प्रमुख वैवाहिक क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल, यातायात प्रबंधन और रात्रिकालीन पेट्रोलिंग बढ़ाने की मांग की। साथ ही कैटरिंग और डेकोरेशन से जुड़े मालवाहक वाहनों के लिए विशेष पास तथा शादी समारोहों में चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की मांग भी रखी।
पुलिस लाइन स्थित प्रशांत मेमोरियल हॉल में आयोजित बैठक में एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न मुद्दों और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के 35 जिलों में सक्रिय है और इससे 7,000 से अधिक सदस्य जुड़े हैं। संगठन होटल, वेडिंग वेन्यू, टेंट स्वामी, डेकोरेटर्स, कैटरर्स और इवेंट प्लानर्स सहित विवाह उद्योग से जुड़े विभिन्न व्यवसायियों का प्रतिनिधित्व करता है।
प्रमुख वैवाहिक क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की मांग
एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक सीजन के दौरान फतेहाबाद रोड, पश्चिमपुरी, सिकंदरा, शाहगंज और जयपुर हाउस जैसे प्रमुख क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाए। इन क्षेत्रों में शादी समारोहों के कारण वाहनों और लोगों की आवाजाही बढ़ने को देखते हुए यातायात व्यवस्था मजबूत करने तथा रात में विशेष पुलिस पेट्रोलिंग कराने का सुझाव दिया गया।
कैटरिंग और डेकोरेशन वाहनों को मिले विशेष पास
बैठक में वैवाहिक आयोजनों के लिए आने-जाने वाले कैटरिंग, डेकोरेशन और अन्य सामग्री के मालवाहक वाहनों का मुद्दा भी उठाया गया। एसोसिएशन ने ऐसे वाहनों के लिए विशेष पास की व्यवस्था करने की मांग की, ताकि ड्यूटी के दौरान उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े और शादी समारोहों के लिए आवश्यक सामग्री समय पर आयोजन स्थल तक पहुंच सके।
शादी समारोहों में चोरी रोकने के लिए बढ़े निगरानी
प्रतिनिधिमंडल ने विवाह समारोहों के दौरान चोरी और अन्य आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की आवश्यकता जताई। एसोसिएशन ने मांग की कि वैवाहिक आयोजनों के आसपास रात्रिकालीन गश्त और निगरानी बढ़ाई जाए, जिससे मेहमानों के वाहनों तथा कीमती सामान की चोरी जैसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में जाम से राहत की मांग
फतेहाबाद रोड सहित निर्माण कार्य वाले क्षेत्रों में जाम की समस्या को भी प्रमुखता से उठाया गया। एसोसिएशन ने वैवाहिक सीजन के दौरान वैकल्पिक मार्ग और समुचित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने का सुझाव दिया, ताकि शादी समारोहों में आने वाले मेहमानों को आवागमन में परेशानी न हो।
सीजन से पहले हो समन्वय बैठक
एसोसिएशन ने सुझाव दिया कि प्रत्येक वैवाहिक सीजन शुरू होने से पहले स्थानीय पुलिस अधिकारियों और होटल एवं मैरिज होम संचालकों के साथ समन्वय बैठक आयोजित की जाए। इससे सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को पहले से चिन्हित कर समय रहते बेहतर बनाया जा सकेगा।
इसके अलावा विवाह समारोहों में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर साझा करने की मांग रखी गई। पुलिस प्रशासन की ओर से वैवाहिक सीजन के दौरान एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का सुझाव भी दिया गया।
अपर पुलिस आयुक्त ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना। उन्होंने आश्वासन दिया कि एसोसिएशन की ओर से उठाई गई मांगों पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई और सहयोग किया जाएगा।
बैठक में वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन के उपाध्यक्ष सौरभ सिंघल, उपाध्यक्ष पंकज गोयल, मोहन सैनी एवं एडमिनिस्ट्रेटर अनिल सविता प्रमुख रूप से मौजूद रहे।