शादी का दबाव डालने पर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्याकर शव कुंए में फेंक दिया था

आगरा। शादी का दबाव डालने पर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्या कर शव सूखे कुंए में फेंक कर उसके ऊपर मिट्टी डाल दी थी। महिला का फोन चालू होने पर हत्यारा प्रेमी पुलिस की गिरफ्त में आ गया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर कुंए से शव बरामद किया। आरोपी प्रेमी को जेल भेजा जा रहा है।

Apr 9, 2025 - 15:17
 0
शादी का दबाव डालने पर प्रेमी ने प्रेमिका की हत्याकर शव कुंए में फेंक दिया था

हत्या के करीब डेढ़ माह बाद पुलिस ने शव बरामद किया 

एसीपी अरीब अहमद ने बताया कि 25 फरवरी 2025 को थाना ताजगंज में महिला के परिवार वालों ने पति पर आरोप लगाते हुए घर से निकाल देने की रिपोर्ट लिखाई थी। महिला को तलाश करने का पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। पर पुलिस के हाथ कोई सुराग नहीं लग रहा था। 

एसीपी ने बताया कि महिला के लापता होने के डेढ़ माह बाद जैसे ही उसका मोबाइल नंबर खुला तो उसके सहारे पुलिस महिला के प्रेमी ग्राम नौबरी निवासी भीमसेन तक पहुंच गई। 

पुलिस ने जब भीमसेन से पूछताछ की तो वह अनिभिज्ञता जाहिर करने लगा। पुलिस ने जैसे ही कड़ाई की तो भीमसेन ने सब कुछ उगल दिया। भीमसेन ने पुलिस को बताया कि मृतक महिला से उसके प्रेम संबंध थे। वह अपने पति और बच्चों को छोड़कर उसके पास आ गई थी। वह उस पर शादी करने का दबाव डालने लगी थी। 

भीमसेन ने पुलिस को बताया कि वह कई दिन तो उसे समझाता रहा पर वह शादी करने की जिद पर अड़ी रही। 15 मार्च को उसने महिला को मार दिया और उसके शव को गांव के पास स्थित सूखे कुंए में फेंक दिया और उसके ऊपर मिट्टी डाल दी, ताकि किसी को शव दिखाई न दे। पुलिस ने भीमसेन की निशानदेही पर शव को कुंए से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट को हत्या में बदलकर हत्यारे प्रेमी को जेल भेज रही है।