वृंदावन की विधवा माताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए बनाईं 1100 विशेष राखियां, पांच माताएं दिल्ली जाकर बांधेंगी ‘भाई’ को राखी
वृंदावन/मथुरा। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर वृंदावन की सैकड़ों विधवा माताओं ने सामाजिक रूढ़ियों को पीछे छोड़कर आत्मसम्मान, अपनत्व और उत्साह के साथ त्योहार मनाया। सुलभ इंटरनेशनल के तत्वावधान में ऐतिहासिक गोपीनाथ मंदिर में आयोजित भव्य रक्षाबंधन समारोह में माताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए अपने हाथों से 1100 से अधिक विशेष राखियां तैयार कीं। इन राखियों पर प्रधानमंत्री मोदी की रंगीन तस्वीरें भी लगाई गई हैं। पांच माताएं इन राखियों और मिठाइयों की टोकरियां लेकर दिल्ली जाएंगी और प्रधानमंत्री को अपने ‘भाई’ के रूप में राखी बांधकर स्नेह और आशीर्वाद देंगी।
समारोह में सुलभ इंटरनेशनल की कार्यकारी संयोजिका श्रीमती नित्या पाठक ने वृंदावन की सभी माताओं और बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वृंदावन की माताओं के साथ रक्षाबंधन मनाना उनके लिए अत्यंत भावुक और सौभाग्य का क्षण है। यह आयोजन सुलभ इंटरनेशनल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. विंदेश्वर पाठक की करुणा, संवेदना और मानवता के प्रति उनके संकल्प का प्रतीक है।
श्रीमती नित्या पाठक ने कहा कि डॉ. विंदेश्वर पाठक उनके ससुर थे और उनकी बहू होने के नाते वह स्वयं को गौरवान्वित महसूस करती हैं कि उनकी महान विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि डॉ. पाठक ने इन माताओं को केवल त्योहारों की खुशियां देने तक सीमित प्रयास नहीं किया, बल्कि उन्हें सम्मान, स्नेह और अपनापन देने का अभियान शुरू किया था।
2012 से वृंदावन की विधवा माताओं के साथ जुड़ा है सुलभ
सुलभ इंटरनेशनल वर्ष 2012 से वृंदावन की विधवा माताओं के साथ लगातार जुड़ा हुआ है। संस्था की ओर से इन माताओं के साथ होली, दीपावली और रक्षाबंधन सहित विभिन्न त्योहार वर्षों से मनाए जाते रहे हैं। संस्था का उद्देश्य इन माताओं को सामाजिक उपेक्षा और अकेलेपन की भावना से बाहर निकालकर उन्हें सम्मान, अपनापन और आत्मविश्वास प्रदान करना है।
श्रीमती पाठक ने कहा कि सुलभ इंटरनेशनल का संकल्प है कि डॉ. विंदेश्वर पाठक की मानवीय विरासत को आगे बढ़ाते हुए इन माताओं के जीवन में खुशियां, सम्मान और आत्मविश्वास हमेशा कायम रखा जाए।
प्रधानमंत्री की तस्वीर वाली राखियां बनीं आकर्षण
इस बार रक्षाबंधन समारोह की सबसे खास बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए तैयार की गई विशेष राखियां रहीं। वृंदावन की माताओं ने अपने हाथों से 1100 से अधिक राखियां तैयार कीं। राखियों को आकर्षक ढंग से सजाने के साथ उन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रंगीन तस्वीर लगाई गई। माताओं ने प्रधानमंत्री को अपना भाई मानते हुए उनके लिए राखियां तैयार कीं।
श्रीमती नित्या पाठक ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर पांच माताएं इन विशेष राखियों और मिठाइयों की टोकरियों के साथ दिल्ली जाएंगी। वहां वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी और मिठाई भेंट कर अपना स्नेह और आशीर्वाद व्यक्त करेंगी।
भजन-कीर्तन और नृत्य से गूंजा गोपीनाथ मंदिर
गोपीनाथ मंदिर में आयोजित समारोह में रक्षाबंधन की खुशियां देखते ही बनीं। माताओं ने भजन-कीर्तन किया और उत्साह के साथ नृत्य किया। इसके साथ ही उन्होंने मिलकर राखियां सजाईं और एक-दूसरे को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर भक्तिमय और उल्लासपूर्ण वातावरण से सराबोर रहा।
समारोह के अंत में श्रीमती नित्या पाठक ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे सुलभ परिवार की शक्ति, प्रेरणा और अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सुलभ परिवार हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने बांके बिहारी जी और मां काली से सभी माताओं पर कृपा बनाए रखने की प्रार्थना भी की।