यमुना सफाई का अभियानः आरती स्थल के पास तलहटी से मिल्टन स्कूल के बच्चों ने उठाया कचरा

आगरा में यमुना नदी की बदहाल स्थिति को सुधारने के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए यमुना आरती महंत पंडित जुगल किशोर श्रोत्रिय के नेतृत्व में यमुना सफाई अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। शनिवार की सुबह यमुना आरती स्थल पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें समाजसेवियों, विद्यार्थियों और नगर निगम अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।

Jan 3, 2026 - 19:32
 0
यमुना सफाई का अभियानः आरती स्थल के पास तलहटी से मिल्टन स्कूल के बच्चों ने उठाया कचरा
यमुना आरती स्थल के पास यमुना की तलहटी में कचरा उठाने वाले मिल्टन स्कूल के छात्र-छात्राएं।

यमुना नदी के संरक्षण और स्वच्छता को लेकर चलाए गए इस अभियान में शहर के समाजसेवी राहुल राज के नेतृत्व में मिल्टन पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। बच्चों में नदी संरक्षण को लेकर उत्साह और जिम्मेदारी की भावना स्पष्ट दिखाई दी।

अभियान के दौरान यमुना किनारे बड़ी मात्रा में पॉलीथिन, प्लास्टिक कचरा, घरेलू अपशिष्ट और धार्मिक सामग्री बरामद हुई। विशेष रूप से हिंदू देवी-देवताओं की खंडित मूर्तियां और पूजन सामग्री नदी में पाई गई, जो आस्था के साथ-साथ पर्यावरण के लिए भी गंभीर चिंता का विषय है। इसके अलावा आगरा शहर की जूता फैक्ट्रियों से निकलने वाली जूते की कतरनें भारी मात्रा में यमुना तट पर फैली मिलीं, जिससे नदी का प्रदूषण बढ़ने के साथ-साथ शहर का जलस्तर भी प्रभावित हो रहा है।

इस स्वच्छता अभियान में सहयोगी के रूप में गौरव, वैभव, आयुषी, संभव, देवांश, ऋतिक, कृष, आरव, अर्पित, कृष्णा, शल्य, कृतज्ञ, युवराज, नैतिक, साईराज, आलेख, ध्रुव, अनुराग, पुष्पेंद्र, बृजेश, सरिता, प्रभात, रजनीश, मनीष, गीता मिश्रा, अखिल, लकी सहित कई स्वयंसेवक मौजूद रहे।

आगरा नगर निगम की ओर से स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजीव वर्मा, जेडएसओ आशुतोष वर्मा, सुपरवाइजर आशीष शर्मा और अजय की उपस्थिति ने अभियान को प्रशासनिक समर्थन प्रदान किया।

यमुना आरती महंत पंडित जुगल किशोर श्रोत्रिय ने कहा कि यमुना केवल नदी नहीं, बल्कि सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहर है। इसे प्रदूषित करना आस्था और भविष्य दोनों के साथ अपराध है। उन्होंने आगरा प्रशासन से मांग की कि सीधे तौर पर यमुना को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और दोषियों पर भारी जुर्माना लगाया जाए।

साथ ही आगरा के जूता फैक्ट्री व्यवसाय से जुड़े लोगों से रिवर कनेक्ट अभियान के तहत विशेष अपील की गई कि वे अपने औद्योगिक अपशिष्ट का वैज्ञानिक निस्तारण सुनिश्चित करें और यमुना को प्रदूषण से बचाने में सहयोग करें। अभियान से जुड़े लोगों ने अधिक से अधिक नागरिकों से इस मुहिम में शामिल होने का आह्वान किया।

SP_Singh AURGURU Editor