इंग्लैंड के खिलाफ यशस्वी का दमदार शतक, गिल बनाया बड़ा रिकार्ड
लीड्स। टीम इंडिया के लिए पहली बार टेस्ट में कप्तानी करने उतरे शुभमन गिल ने बल्लेबाजी में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इंग्लैंड के खिलाफ हेडिंग्ले टेस्ट मैच के पहले दिन शुभमन ने वनडे के अंदाज में तूफानी बैटिंग करते हुए सिर्फ 56 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। इसके साथ ही डेब्यू टेस्ट कप्तानी में शुभमन गिल ने कमाल कर दिया। शुभमन गिल की इस दमदार पारी से ही टीम इंडिया लंच ब्रेक से पहले तक 2 विकेट गंवाने के बाद दूसरे सेशन में मजबूत स्थिति में पहुंची।
भारत और इंग्लैंड के बीच 5 मैचों की टेस्ट सीरीज की शुरुआत आज से हो चुकी है। इस सीरीज के पहले मुकाबले में दोनों टीमें लीड्स के हेडिंग्ले स्टेडियम में भिड़ रही हैं। एक तरफ जहां बेन स्टोक्स की कप्तानी में एक तगड़ी इंग्लिश टीम है, वहीं शुभमन गिल एक युवा भारतीय टीम की अगुआई कर रहे हैं। इस सीरीज में भारतीय टीम लंबे समय के बाद रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविचंद्रन अश्विन के बिना उतर रही है। इस मैच में इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। वहीं टीम इंडिया पहले बैटिंग कर रही है।
शुभमन गिल टीम इंडिया के लिए टेस्ट कप्तानी की डेब्यू में फिफ्टी लगाने वाले 9वें भारतीय और सबसे युवा कप्तान बने हैं। शुभमन गिल ने यह कारनामा 25 साल 285 दिन की उम्र में किया है। सिर्फ इतना ही नहीं शुभमन गिल ने अपने टेस्ट करियर की सबसे तेज फिफ्टी लगाने का भी कारनामा किया है। शुभमन गिल को रोहित शर्मा के बाद टीम इंडिया की टेस्ट कप्तानी मिली है।
हेडिंग्ले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया के लिए यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल ने बेहतरीन शुरुआत की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी हुई। हालांकि, केएल राहुल लंच ब्रेक से ठीक पहले आउट हो गए। केएल राहुल ने 42 रनों की पारी खेली। इसके बाद डेब्यूटेंट साई सुदर्शन भी सिर्फ 4 गेंद में बिना खाता खोले आउट हो गए। इस तरह पहले सेशन में टीम इंडिया ने 2 विकेट पर 92 रन बनाए, लेकिन लंच ब्रेक के बाद कप्तान शुभमन गिल ने यशस्वी के साथ मिलकर मोर्चा संभाला टीम इंडिया के स्कोर को 200 रन के पार पहुंचाया। शुभमन और यशस्वी के बीच बेहतरीन शतकीय साझेदारी भी हुई।
हेडिंग्ले में बेहतरीन शतकीय पारी के बाद यशस्वी जायसवाल 101 रन बनाकर आउट हुए। अपनी इस पारी में उन्होंने 159 गेंद का सामना करते हुए 16 चौके और 1 छक्का लगाया। इस तरह टीम इंडिया को पारी के 53वें ओवर में 221 रन के स्कोर तीसरा झटका लगा। यशस्वी को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने बोल्ड किया। भारत और इंग्लैंड के बीच हेडिंग्ले टेस्ट मैच के पहले दिन के आखिरी सेशन का खेल शुरू हो चुका है।