खेलगांव से पोइया घाट तक दौड़े 500 धावक, आगरा ताज हाफ मैराथन की पहली प्रोमो रेस
आगरा। आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन और एसोसिएशन ऑफ इंटरनेशनल मैराथन एंड डिस्टेंस रेसेज (एआईएमएस) द्वारा आयोजित आगरा ताज हाफ मैराथन के तीसरे संस्करण के लिए रविवार सुबह एक रंगारंग और ऊर्जा से भरपूर शुरुआत हुई। दयालबाग स्थित खेलगांव से पोइया घाट तक आयोजित पांच किलोमीटर की पहली प्रोमो रेस में शहर के लगभग 500 धावकों ने हिस्सा लेकर फिटनेस और स्वास्थ्य के प्रति अपना जोश दिखाया। छह वर्षीय बालक रेयांश अग्रवाल से लेकर 76 वर्षीय बुजुर्ग सरोज प्रशांत तक ने उत्साह के साथ दौड़ लगाकर संदेश दिया कि फिटनेस की कोई उम्र नहीं होती।
ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच रेस का फ्लैग ऑफ
मुख्य अतिथि पुलिस उपायुक्त सैयद अली अब्बास ने ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच रेस का फ्लैग ऑफ किया। ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री डॉ. संजय गुप्ता के 1, 2, 3 की काउंटडाउन के साथ जैसे ही रिबन नीचे गिरा, नीली-सफेद शर्ट में आगरा ताज हाफ मैराथन का टैग लगाए धावक जोश से भरकर ट्रैक पर दौड़ पड़े। कार्यक्रम से पहले ‘जय हो’ जैसी ऊर्जावान म्यूजिक बीट्स पर वॉर्म-अप एक्सरसाइज ने प्रतिभागियों को उत्साहित कर दिया।
फिट इंडिया कैंपेन को बनाया प्रेरणा केंद्र
डीसीपी सैयद अली अब्बास ने आयोजकों को बधाई देते हुए कहा कि आगरा के लोगों को फिट इंडिया कैंपेन को जन आंदोलन बनाना चाहिए। उन्होंने आगरावासियों से हर सुबह दौड़ने और अधिक से अधिक संख्या में हाफ मैराथन में भाग लेने की अपील की।
अब आगरा वैश्विक मैराथन मानचित्र पर दर्ज हुआ नाम
ऑर्गेनाइजिंग प्रेसिडेंट संदीप ढल ने बताया कि इस वर्ष पहली बार आगरा ताज हाफ मैराथन की सभी रेस श्रेणियाँ एआईएमएस से वैश्विक प्रमाणन प्राप्त कर चुकी हैं। इससे अब आगरा के धावकों के टाइमिंग और रिकॉर्ड अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्य होंगे। उन्होंने कहा कि यह आगरा को ग्लोबल मैराथन मैप पर स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम है।
अब तक 800 प्रतिभागी करा चुके हैं पंजीकरण
ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि अब तक 800 प्रतिभागी रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। इच्छुक लोग athm.in वेबसाइट पर जाकर पंजीकरण करा सकते हैं और अर्ली बर्ड ऑफर का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगरा ताज हाफ मैराथन आने वाले वर्षों में उत्तर प्रदेश का सबसे बड़ा खेल आयोजन बन जाएगा।
स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक मुक्त आगरा का संदेश
आगरा स्पोर्ट्स फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. विकास मित्तल ने कहा कि यह आयोजन स्वच्छ आगरा, स्वस्थ आगरा और प्लास्टिक मुक्त आगरा अभियान को समर्थन देने के लिए समर्पित है। उन्होंने कहा कि फिटनेस से ही जीवन में संतुलन और खुशी बनी रहती है।
फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य का भी संदेश
आयोजन के प्रवक्ता और मानसिक स्वास्थ्य संस्थान के निदेशक डॉ. दिनेश राठौर ने कहा कि ऐसे आयोजन न सिर्फ शारीरिक स्वास्थ्य बल्कि मानसिक स्वास्थ्य, खेल संस्कृति और पर्यटन को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि आगरा जैसे पर्यटन शहर में स्पोर्ट्स इवेंट्स से शहर की पहचान और भी सशक्त होगी।
कार्यक्रम का संचालन दीपक नेगी और यशपाल गर्ग ने किया। विशिष्ट अतिथि सिद्धार्थ गुप्ता और खेलगांव के योग गुरु दीपक मारू ने धावकों का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. एन. एस. लोधी, संयुक्त सचिव प्रदीप यादव, ट्रेजरर आवेग मित्तल, महेश सारस्वत, अजयदीप सिंह, कमलकांत, संकल्प वशिष्ठ, भरत सारस्वत, ईशु कुलश्रेष्ठ, परमजीत सिंह, गौरव यादव, गोपाल अग्रवाल और गोपाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।