79वीं राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 ग्रुप बी के मुकाबले आगरा में शुरू, पहला मैच उत्तराखंड ने जीता, यूपी और हरियाणा के बीच दूसरा मैच बरामबरी पर रहा
आगरा के शारदा विश्वविद्यालय स्थित श्री आनंद स्वरूप जी स्पोर्ट्स स्टेडियम में 79वीं राष्ट्रीय संतोष ट्रॉफी फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन मुख्य अतिथि लोकसभा सांसद राजकुमार चाहर ने किया। उद्घाटन मुकाबले में उत्तराखंड ने चंडीगढ़ को 1-0 से पराजित किया, जबकि उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ।
आगरा। शारदा विश्वविद्यालय आगरा के श्री आनंद स्वरूप जी स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 79वीं संतोष ट्रॉफी फुटबॉल चैंपियनशिप 2025-26 का शुभारंभ अत्यंत हर्षोल्लास और उत्साह के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद राजकुमार चाहर ने किया। विश्वविद्यालय प्रबंधन एवं अतिथियों ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उद्घाटन मैच उत्तराखंड और चंडीगढ़ के मध्य खेला गया, जिसमें उत्तराखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 1-0 से जीत दर्ज की। दूसरा मुकाबला उत्तर प्रदेश और हरियाणा के बीच हुआ, जो 1-1 गोल की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों ही मैच दर्शकों के लिए अत्यंत रोमांचक रहे।
मुख्य अतिथि सांसद राजकुमार चाहर ने कहा कि संतोष ट्रॉफी भारतीय फुटबॉल की रीढ़ है, जिसने देश को अनेक उत्कृष्ट खिलाड़ी दिए हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अनुशासन, समर्पण और निरंतर अभ्यास के साथ खेलते हुए प्रदेश और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रो-चांसलर वाई.के. गुप्ता ने कहा कि शारदा विश्वविद्यालय खेलों को शिक्षा का अभिन्न अंग मानता है और संतोष ट्रॉफी जैसी राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है।
कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) जयंती रंजन ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल शारीरिक विकास के साथ-साथ मानसिक मजबूती और चरित्र निर्माण का भी सशक्त माध्यम हैं।
डीन स्टूडेंट्स वेलफेयर प्रोफेसर डॉ. शैलेंद्र सिंह ने कहा कि इस प्रतियोगिता से विद्यार्थियों और युवाओं को प्रेरणा मिलेगी तथा खेल संस्कृति को नई दिशा प्राप्त होगी।
इस अवसर पर अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ के अध्यक्ष कल्याण चौबे, उत्तर प्रदेश फुटबॉल संघ के अध्यक्ष अरविंद मेनन, मानद महासचिव मोहम्मद शाहिद, संयुक्त सचिव भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न जिलों के फुटबॉल संघों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन असिस्टेंट मैनेजर आनंदिता चौहान ने किया। समापन अवसर पर डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. राजेश कहरवार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, दर्शकों, मीडिया प्रतिनिधियों और आयोजन से जुड़े सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।