आगरा में डीएम ने की नदियों को बचाने की पहलः गंगा ग्राम और ग्रीन चौपाल अभियान

आगरा। ज़िलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने जिला गंगा समिति की बैठक में नदियों के संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नदियों के किनारे बसे गांवों को गंगा ग्राम का दर्जा दिया जाएगा और वहां ग्राम गंगा समिति, ग्राम आद्रभूमि समिति तथा ग्रीन चौपाल का गठन किया जाएगा। इस पहल के तहत स्कूलों और कॉलेजों में विशेष कार्यक्रम कर युवाओं और ग्रामीणों को नदियों के महत्व और संरक्षण के लिए जागरूक किया जाएगा।

Sep 3, 2025 - 21:24
 0
आगरा में डीएम ने की नदियों को बचाने की पहलः गंगा ग्राम और ग्रीन चौपाल अभियान
जिला गंगा समिति की बैठक में नदियों के संरक्षण को लेकर अधिकारियों से चर्चा करते जिलाधिकारी अरविंद मलप्पा बंगारी।

कलक्ट्रेट सभागार में आज जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण, गंगा एवं पर्यावरण समिति की बैठक में सिंचाई विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि फ्लड प्लेन जॉन के चिन्हांकन  के संबंध में प्रस्ताव उच्चस्तर को प्रेषित किया गया है। जिसके उपरांत दिए गए कॉर्डिनेट्स पर पिलर गाड़े जाएंगे। डीएम ने कहा कि यमुना नदी और उसकी सहायक नदियों के आसपास के स्कूलों तथा कॉलेज में कार्यक्रम आयोजित कर नदियों के प्रति जागरूक किया जाए। नदियों में सीवेज न जाए इसके लिए नमामि गंगे द्वारा स्वीकृत किए गए विभिन्न एसटीपी संयंत्र की समीक्षा की गई। जिला आद्रभूमि समिति की समीक्षा में सभी तालाबों को अतिक्रमण  मुक्त करने हेतु अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

वृक्षारोपण समिति की समीक्षा के दौरान प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग आगरा द्वारा इस वर्ष किये गए वृक्षारोपण कार्यों की प्रगति तथा पौधों की जीवितता प्रतिशत पर विस्तृत समीक्षा की गई। प्रभागीय निदेशक ने बताया कि इस वर्ष सामान्य से अधिक वर्षा होने के कारण लगाए गए पौधों की जीवितता प्रतिशत में उल्लेखनीय सुधार की संभावना है। जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधों की सुरक्षा एवं देखरेख पर विशेष ध्यान दिया जाए। स्थलवार क्रॉस चेकिंग करा कर पौधों की वास्तविक स्थिति का आकलन सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह, एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, डीएफओ राजेश कुमार, डीएफओ चंबल चांदनी सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor