राधा अष्टमी पर भक्ति में झूमा आगरा, ‘राधा-राधा’ के संकीर्तन से गूंजा जेपी होटल
राधा अष्टमी पर आगरा के जेपी होटल में मन की उड़ान फाउंडेशन की दसवीं वर्षगांठ पर भजन जेमिंग एवं संत श्री सम्मान समारोह आयोजित हुआ। चार संतों के सम्मान के बाद टी-सीरीज फेम गायक राघव राजा ने भजनों की प्रस्तुति दी। ‘राधा-राधा’ संकीर्तन और पारंपरिक भजनों के साथ आधुनिक संगीत की जुगलबंदी ने श्रद्धालुओं और युवाओं को खूब आकर्षित किया।
मन की उड़ान फाउंडेशन की दसवीं वर्षगांठ पर संतों का सम्मान, भजन जेमिंग में दिखा परंपरा और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम
आगरा। राधा अष्टमी के पावन अवसर पर फतेहाबाद रोड स्थित जेपी होटल शुक्रवार को भक्ति, संगीत और सेवा के अद्भुत संगम का साक्षी बना। मन की उड़ान फाउंडेशन की दसवीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित ‘भजन जेमिंग एवं संत श्री सम्मान समारोह’ में जहां संतों के सम्मान से आध्यात्मिक वातावरण बना, वहीं टी-सीरीज फेम गायक राघव राजा के भजनों ने पूरे सभागार को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। राधा नाम संकीर्तन शुरू होते ही श्रद्धालु भक्ति में झूम उठे और पूरा सभागार ‘राधा-राधा’ के जयकारों से गूंजने लगा।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद संत समाज के प्रति सम्मान प्रकट करते हुए महंत अरविंद महाराज, महंत भरत उपाध्याय, आशीष गोस्वामी (वृंदावन) और अरविंद स्वरूप दास प्रभु को संत श्री सम्मान से सम्मानित किया गया। संतों के सम्मान के साथ संस्था की दस वर्षों की सेवा यात्रा को भी याद किया गया। पदाधिकारियों ने भविष्य में सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
‘ओम गं गणपतये नमः’ से शुरू हुआ भजन जेमिंग
टी-सीरीज फेम गायक राघव राजा ने ‘ओम गं गणपतये नमः’ मंत्र को स्वर देकर भजन जेमिंग की शुरुआत की। मंत्रोच्चार और संगीत की मधुर धुनों के साथ ही सभागार का माहौल पूरी तरह आध्यात्मिक हो गया। इसके बाद ‘रामा रामा रटते रटते, वीर हनुमान जपते जपते’ भजन की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। राधा अष्टमी के विशेष अवसर पर जैसे ही राधा नाम संकीर्तन की शुरुआत हुई, श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर पहुंच गया। राघव राजा ने अपनी सुमधुर आवाज में एक के बाद एक भजनों की प्रस्तुति दी। कभी सभागार तालियों से गूंजा तो कभी श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए। भजनों के बीच ‘राधा-राधा’ के जयकारों ने पूरे वातावरण को और भक्तिमय बना दिया।
भक्ति में हिप-हॉप बीट का तड़का, युवाओं ने खूब सराहा
कार्यक्रम की खासियत रही पारंपरिक भक्ति संगीत और आधुनिक संगीत का अनूठा संगम। राघव राजा ने ‘शंकर तेरी जटा में’ भजन को हिप-हॉप बीट के साथ प्रस्तुत किया। भक्ति के पारंपरिक भाव और आधुनिक संगीत की धुनों का यह मेल युवाओं को खासा पसंद आया। प्रस्तुति के दौरान पूरा सभागार तालियों और जयकारों से गूंज उठा। आयोजकों के अनुसार भजन जेमिंग का उद्देश्य भक्ति संगीत को नए अंदाज में प्रस्तुत करते हुए युवाओं को भी भारतीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जोड़ना रहा। कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों के साथ आधुनिक वाद्य-संगीत और नई प्रस्तुति शैली ने इसे अलग पहचान दी।
संतों का सम्मान भारतीय संस्कारों का सम्मान : डॉ. मंजू भदौरिया
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया ने कहा कि संतों का सम्मान केवल संत समाज का सम्मान नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कारों और सनातन परंपरा के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने मन की उड़ान फाउंडेशन को दस वर्ष की सेवा यात्रा पूरी करने पर शुभकामनाएं दीं और भविष्य में सेवा कार्यों को निरंतर विस्तार देने की कामना की।
‘मन की उड़ान’ दस वर्षों से सेवा के लिए समर्पित
संस्था की संस्थापक अध्यक्ष एडवोकेट चंचल गुप्ता ने कहा कि दस वर्ष पहले मन की उड़ान फाउंडेशन की स्थापना समाज के हर वर्ग तक सेवा का भाव पहुंचाने के उद्देश्य से की गई थी। संस्था बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए विभिन्न सेवा कार्य कर रही है। बच्चियों के स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर भी संस्था लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मन की उड़ान सिर्फ एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा का अभियान है। पिछले दस वर्षों में समाज से मिले सहयोग और विश्वास ने संस्था को और मजबूती के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी है। आने वाले समय में सेवा कार्यों को और व्यापक स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
संत समाज सेवा और मानव कल्याण की प्रेरणा : डॉ. विजय किशोर बंसल
संस्था के संरक्षक डॉ. विजय किशोर बंसल ने कहा कि स्थापना दिवस पर संत श्री का सम्मान संस्था के लिए गौरव का विषय है। संत समाज को सेवा, संस्कार और मानव कल्याण की दिशा में प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दस वर्षों की सेवा यात्रा संस्था से जुड़े सदस्यों और सहयोगियों के समर्पण का परिणाम है। भविष्य में सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखते हुए उन्हें और व्यापक स्वरूप देने की आवश्यकता है।
महंत अरविंद महाराज ने कहा कि सेवा का भाव समाज को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम है। सेवा में जब श्रद्धा और समर्पण जुड़ जाता है तो उसका प्रभाव केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे समाज तक पहुंचता है। महंत भरत उपाध्याय ने कहा कि मन की उड़ान फाउंडेशन पिछले दस वर्षों से जिस भावना के साथ सेवा कार्य कर रहा है, वह सराहनीय है। उन्होंने संस्था के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग अध्यक्ष डॉ. बाबिता चौहान, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष नीरज गुप्ता, अशु मित्तल, निर्मला दीक्षित, डॉ. रंजना बंसल, राधा तोमर, प्रतिमा राणा, अरुण सक्सेना, शैंकी सिंह, दीपक अग्रवाल, अभिनव जैन, प्रवीण पटेल, गजेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। संस्था की ओर से कविता राजवानी, नीरा थापर, अंकिता जैन, पवन सिसोदिया, मनीष अग्रवाल, मयंक अग्रवाल, ऋतिक वार्ण्षेय, अमित जैन, चारू शर्मा, संगीता गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमित सूरी ने किया।