महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव से गूंजा आगरा: शिव बरात, शिव विवाह लीला और शोभायात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब

आगरा। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आगरा पूरी तरह शिवमय नजर आया। शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में शिव बरात, शिव विवाह लीला और भव्य शोभायात्राओं के आयोजन ने श्रद्धा, भक्ति और संस्कृति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भस्म-गुलाल की होली और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच हजारों श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ की भक्ति में सराबोर दिखाई दिए।

Feb 15, 2026 - 20:02
Feb 15, 2026 - 20:47
 0
महाशिवरात्रि पर हर-हर महादेव से गूंजा आगरा: शिव बरात, शिव विवाह लीला और शोभायात्राओं में उमड़ा आस्था का सैलाब
जोगीपाड़ा, शाहगंज में महाशिवरात्रि पर निकाली गई शोभायात्रा की एक झलक।

शोभायात्रा में शिवमय हुआ शहर

महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में श्रीयोगेश्वर माता महाकाली मंदिर जोगीपाड़ा, शाहगंज से जोगी समाज द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली गई। नंदी पर सवार त्रिशूलधारी शिवजी, हाथ में तलवार और खप्पर लिए महाकाली तथा भूत-प्रेतों की टोली संग 11 आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। शोभायात्रा सोरों कटरा, साकेत कॉलोनी, शिवाजी नगर, रामनगर पुलिया होते हुए पुनः मंदिर परिसर पहुंची। योगी समाज के अध्यक्ष यशपाल गोस्वामी, मेला अध्यक्ष ब्रह्मचंद गोस्वामी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शिव बरात में दिखा भक्ति का ज्वार

नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से अमर विहार, केके नगर स्थित महाकाल मंदिर तक निकली भव्य शिव बारात में भक्ति में झूमते श्रद्धालु।

श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा आयोजित चार दिवसीय महाशिवरात्रि महोत्सव के अंतर्गत नील फ्लोरेंस, भावना एस्टेट से अमर विहार, केके नगर, सिकंदरा स्थित महाकाल मंदिर तक भव्य शिव बारात निकाली गई। विधिवत पूजा-अर्चना के बाद गणेश जी की अगुवाई में निकली बारात में सुसज्जित रथ पर भगवान भोलेनाथ का दिव्य स्वरूप विराजमान रहा। राम दरबार, बिहारी जी, शिव परिवार और महादेव के गणों की सजीव झांकियों ने सभी का मन मोह लिया।

समिति के संस्थापक आशीष सक्सेना ने बताया कि 16 फरवरी को सामूहिक विवाह संपन्न होगा, जबकि अध्यक्ष अविनाश राणा ने 17 फरवरी को प्रसादी वितरण के साथ महोत्सव समापन की जानकारी दी। इस अवसर पर संरक्षक संजय मिश्रा, विजय श्रीवास्तव, महामंत्री संदीप पांडेय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

शिव विवाह लीला ने बांधा समां

नवीन गल्ला मंडी परिसर में श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण लीला रासोत्सव के छठवें दिवस शिव विवाह लीला में स्वरूपों की आरती उतारते विधायक धर्मपाल सिंह एवं अन्य पदाधिकारी।

श्री श्यामा श्याम भागवत आयोजन समिति द्वारा आयोजित श्री कृष्ण लीला रासोत्सव के छठवें दिवस नवीन गल्ला मंडी परिसर में पहली बार अलौकिक शिव विवाह लीला का मंचन किया गया। भगवान शिव और माता पार्वती के दिव्य विवाह के दृश्य ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।

मुख्य अतिथि विधायक धर्मपाल सिंह ने आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया। समिति के महामंत्री विजय रोहतगी, संयोजक शेखर गोगल और अध्यक्ष हरी चंद्र गर्ग सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। डमरू, शंखनाद और शिव गणों की विचित्र बारात इस लीला का मुख्य आकर्षण रही।

कावेरी मंदिर में अभिषेक से आरती तक गूंजा शिव नाम

कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में महाशिवरात्रि पर भोले बाबा की पूजा अर्चना करते श्रद्धालु।

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर कमला नगर स्थित कावेरी मंदिर में कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा भगवान भोलेनाथ के विधिवत अभिषेक, पूजन, सामूहिक आरती एवं प्रसाद वितरण का भव्य आयोजन किया गया। मंदिर परिसर पूरे दिन हर-हर महादेव  और बम-बम भोले  के जयघोष से शिवमय वातावरण में डूबा रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर कमेटी के मुख्य संरक्षक टीएन अग्रवाल, अध्यक्ष कन्हैयालाल अग्रवाल, महामंत्री देवेंद्र अग्रवाल एवं राम प्रकाश अग्रवाल द्वारा भगवान शिव के दुग्ध एवं जलाभिषेक के साथ किया गया।  आयोजन के दौरान प्रसाद वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष राकेश गर्ग, अतुल बंसल, मंत्री आरके श्रोतिय, कोषाध्यक्ष सतीश, अंकेक्षक राकेश खंडेलवाल, मनीष गोयल, रविंद्र अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, गोविंद अग्रवाल, राकेश मोहन, संजय तिवारी सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor