आगरा का नन्हा स्केटिंग स्टार आकर्ष: चार साल की उम्र में रचा रिकॉर्डों का इतिहास
आगरा के चार साल के आकर्ष दास ने यह सिद्ध कर दिया है कि समर्पण और निरंतर अभ्यास से छोटी उम्र में भी बड़ी ऊंचाइयों को छुआ जा सकता है।
आगरा। महज 4 वर्ष की उम्र में शहर के शौर्य स्केट्स अकैडमी के होनहार खिलाड़ी आकर्ष दास ने रोलर स्केटिंग की दुनिया में अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार पहचान बना ली है। हाल ही में नेपाल में आयोजित 11वीं इंडो-नेपाल स्केटिंग चैंपियनशिप में आकर्ष ने दो सिल्वर मेडल जीतकर देश और अपने कोच का नाम रोशन किया।
इससे पूर्व आकर्ष दो राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। उन्होंने एक घंटे तक बिना रुके स्केटिंग करके गोल्ड स्टार बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और ओपन नेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त किया। इस अद्भुत प्रदर्शन ने उन्हें सबसे कम उम्र के स्केटिंग रिकार्ड होल्डर के रूप में ख्याति दिलाई है।
गुरुग्राम में आयोजित रियल गोल्ड चैंपियनशिप में भी उन्होंने शानदार स्केटिंग करते हुए स्वर्ण पदक जीता था। मात्र एक माह पूर्व मिलेनियम स्कूल, नोएडा में आयोजित रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में भी आकर्ष ने गोल्ड मेडल अपने नाम किया था।
आकर्ष की इस सफलता में उनके माता-पिता का सकारात्मक सहयोग और मार्गदर्शन तथा कोच शौर्य गुप्ता की प्रतिबद्ध प्रशिक्षण शैली का महत्वपूर्ण योगदान है। कोच शौर्य गुप्ता ने कहा, आकर्ष बेहद अनुशासित, समर्पित और सीखने को लेकर उत्साही खिलाड़ी है। इतनी कम उम्र में इतनी बड़ी उपलब्धियां वास्तव में असाधारण हैं, और हम सभी को उस पर गर्व है।