मनीष शर्मा के साथ अगली फिल्म में काम करेंगी अनीत पड्डा

  अनीत पड्डा के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी है। खबर है कि यशराज फिल्‍म्‍स ने उन्‍हें एक और नई रोमांटिक फिल्‍म ऑफर की है, जिसे 'बैंड बाजा बारात' फेम मनीष शर्मा डायरेक्‍ट करेंगे। दूसरी ओर, चर्चा है कि विक्‍की कौशल की 'महावतार' पोस्‍टपोन हो गई है।

Aug 26, 2025 - 22:41
 0
मनीष शर्मा के साथ अगली फिल्म में काम करेंगी अनीत पड्डा


मुंबई। 'सैयारा' देखने के बाद हर कोई अनीत पड्डा की सादगी और उनकी दमदार एक्‍ट‍िंग का कायल हो चुका है। 22 साल की अनीत अपनी ब्‍लॉकस्‍टर फिल्‍म से स्टारडम की बुलंदियों पर हैं। अब खबर ये है कि वह अपने एक्‍ट‍िंग करियर में एक और बड़ी छलांग लगाने जा रही हैं। चर्चा है कि 'सैयारा' के बाद यशराज फिल्म्स ने अनीत को एक और नई लव स्‍टोरी में कास्‍ट किया है, जिसका डायरेक्‍शन 'बैंड बाजा बारात' फेम मनीष शर्मा करेंगे। दूसरी ओर, एक खबर विक्‍की कौशल से भी जुड़ी है। इन दिनों 'लव एंड वॉर' की शूटिंग कर रहे एक्‍टर की अपकमिंग फिल्‍म 'महावतार' को झटका लगा है। फैंस को इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है। पौराणिक गाथा पर बनी यह फिल्‍म पोस्‍टपोन हो गई है।

पहले बात 'सैयारा गर्ल' की करते हैं। 'मिड-डे' की रिपोर्ट के मुताबिक, अनीत पड्डा और अहान पांडे इन दोनों ही युवा कलाकारों के करियर पर आदित्‍य चोपड़ा की बारीक नजर है। 'सैयारा' की सफलता के बाद, दोनों ही जेन-जी के लिए रोमांस का चेहरा बनकर उभरे हैं। ऐसे में आदित्य का मानना है कि एक और रोमांटिक फिल्‍म के लिए यह एकदम सही समय है। उन्‍होंने इसके लिए अपने पुराने भरोसेमंद मनीष शर्मा पर दांव लगाया है।  

रिपोर्ट में आगे दावा किया गया है कि नई रोमांटिक फिल्म का प्री-प्रोडक्शन शुरू हो गया है। 'बैंड बाजा बारात' और 'शुद्ध देसी रोमांस' जैसी फिल्‍मों से मशहूर हुए मनीष शर्मा की यह फिल्‍म पंजाब पर आधारित होगी। इसकी शूटिंग 2026 की पहली छमाही में शुरू हो जाएगी। इससे पहले फिल्‍म की कास्‍ट‍िंग पर काम होगा। अब यह देखना दिलचस्‍प होगा कि मेकर्स अनीत के अपोजिट लीड रोल में किसे कास्‍ट करते हैं। वैसे, मनीष शर्मा की पिछली फिल्‍म सलमान खान संग 'टाइगर 3' थी, जो बॉक्‍स ऑफिस पर दम नहीं दिखा पाई थी।

दूसरी ओर, 'पीपिंग मून' की रिपोर्ट के मुताबिक, विक्‍की कौशल की फिल्म 'महावतार' इसी साल आखिरी तिमाही में फ्लोर पर आने वाली थी। लेकिन अब इसके निर्माण में देरी होगी। विक्‍की इन दिनों संजय लीला भंसाली की 'लव एंड वॉर' में बिजी हैं। इसलिए वह 'महावतार' की शूटिंग अगले साल अप्रैल से पहले शुरू नहीं कर पाएंगे। ऐसे में इसे दिसंबर 2026 में रिलीज करना संभव नहीं होगा।