सेनाध्यक्ष धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल का रैंक मिला,  पीएम बालेन शाह से मिले,  भारत-नेपाल सैन्य संबंध होंगे मजबूत

  भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से मुलाकात की है। यह मुलाकात काठमांडू स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में हुई है। बालेन शाह के पास नेपाल के रक्षा मंत्री का प्रभार भी है। यह मुलाकात भारतीय सेना मे नेपाली गोरखा की भर्ती की मांग के बीच हुई है।  

Aug 18, 2026 - 20:26
 0
 सेनाध्यक्ष धीरज सेठ को नेपाली सेना के जनरल का रैंक मिला,  पीएम बालेन शाह से मिले,  भारत-नेपाल सैन्य संबंध होंगे मजबूत

काठमांडू। भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह से शिष्टाचार भेंट की। जनरल सेठ ने प्रधानमंत्री बालेन शाह के साथ सिंह दरबार स्थित प्रधानमंत्री कार्यालय में बैठक की। बालेन शाह के पास नेपाल के रक्षा मंत्रालय का प्रभार भी है। इससे एक दिन पहले ही भारतीय सेना प्रमुख धीरज सेठ को नेपाली सेना में जनरल की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया था। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री बालेन शाह शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री होने के कारण उन्होंने भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के साथ शिष्टाचार मुलाकात की है।

नेपाली प्रधानमंत्री से भारतीय सेना प्रमुख की इस मुलाकात को दोनों देशों के सैन्य संबंधों में आई मजबूती से भी जोड़कर देखा जा रहा है। भारत और नेपाल के बीच पुराने सैन्य संबंध हैं। नेपाल लंबे समय से भारत से हथियारों की खरीद करता है। नेपाली सैन्य अधिकारी भारतीय सैन्य संस्थानों में ट्रेनिंग लेते हैं। दोनों देशों की सेनाएं संयुक्त सैन्य अभ्यास भी करती हैं। इसके अलावा दोनों देशों के सेना प्रमुखों को एक दूसरे के देश में जनरल की मानद उपाधि से भी नवाजा जाता है।

इससे पहले भारतीय सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने मंगलवार को नेपाल के शिवपुरी स्थित आर्मी कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में नेपाली सेना व विदेशी अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कमांड एंड स्टाफ कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने यहां मध्यम स्तर के सैन्य अधिकारियों में स्टाफ कार्यकुशलता और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के महत्व पर जोर दिया। जनरल धीरज सेठ ने आर्मी कमांड एंड स्टाफ कोर्स के प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित भी किया। पाठ्यक्रम से जुड़े प्रशिक्षकों तथा विदेशी प्रशिक्षु अधिकारियों से भी बातचीत की। उन्होंने अधिकारियों के साथ पेशेवर सैन्य प्रशिक्षण, नेतृत्व क्षमता और बदलती सुरक्षा चुनौतियों के बीच सैन्य अधिकारियों की भूमिका से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

गौरतलब है कि सैन्य अधिकारियों के लिए कमांड और स्टाफ प्रशिक्षण उनकी पेशेवर क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस तरह के प्रशिक्षण से अधिकारियों को रणनीतिक सोच, निर्णय लेने की क्षमता और संयुक्त सैन्य अभियानों के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने में मदद मिलती है। इससे जनरल धीरज सेठ ने नेपाल के थल सेनाध्यक्ष जनरल अशोक राज सिग्देल से शिष्टाचार भेंट की थी। दोनों सैन्य प्रमुखों ने आपसी हित के मुद्दों पर चर्चा की तथा भारत और नेपाल के बीच द्विपक्षीय सैन्य संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर विचार-विमर्श किया।

जनरल सेठ 17 से 19 अगस्त तक नेपाल की आधिकारिक यात्रा पर हैं। अपनी इस यात्रा में उन्होंने नेपाल के वरिष्ठ गणमान्य व्यक्तियों से भी मुलाकात की व दोनों देशों के साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। बातचीत में भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से चले आ रहे सैन्य सहयोग तथा द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और मजबूत करने के विषय प्रमुख रहे। जनरल धीरज सेठ ने नेपाली सेना मुख्यालय परिसर में पौधारोपण भी किया। यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने मैत्रीपूर्ण संबंधों तथा दोनों देशों की सेनाओं के बीच गहरे और निरंतर बढ़ते सहयोग को दर्शाती है। जनरल धीरज सेठ की यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों के बीच रक्षा और सैन्य सहयोग को और मजबूत करना तथा आपसी हित के मुद्दों पर उच्चस्तरीय संवाद को आगे बढ़ाना है।