बैडमिंटन और शतरंज प्रतियोगिताः पहले दिन बैडमिंटन के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन
आगरा। यूथ वेलफेयर सोसाइटी, डिफेंस कॉलोनी द्वारा आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिता का शुक्रवार को उमा वाटिका गार्डन में उत्साहपूर्ण वातावरण के बीच शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन कॉलोनी के वरिष्ठ नागरिक रामजीलाल शर्मा ने किया। उद्घाटन के साथ ही विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले शुरू हुए, जिनमें प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-14 बालक, अंडर-14 बालिका तथा अंडर-16 बालक वर्ग के मुकाबले खेले गए। अंडर-14 बालक वर्ग में समर्थ कायला ने यश को, अनुरुद्ध ने कृष्णा को, तेजस ने माधव को, अभियांश यादव ने युवराज यादव को, वंश दीक्षित ने लव कुमार को, गौरव कुमार ने वंश यादव को, वाशु ने वरुण बघेल को, श्रेष्ठ ने कार्तिक को तथा ऋषभ पाठक ने निपुण सिंह को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
अंडर-14 बालिका वर्ग में अनन्या पाठक ने वंशिका पाठक को तथा तनुश्री ने लियासा को हराकर जीत दर्ज की।
अंडर-16 बालक वर्ग में नमन चौधरी ने दिव्यांश को, अभिषेक ने विहान को तथा कुनाल दीक्षित ने कुश वर्मा को पराजित कर शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव सोई, उपाध्यक्ष विवेक उपाध्याय, ज्ञानेंद्र यादव, बंटी यादव, राजू चौहान, अमित दीक्षित, सैंडी सोलंकी, विपिन यादव, हरपाल सिंह यादव, देवेंद्र शर्मा एवं देवेश यादव उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता का सफल संचालन बृज मोहन भैया (बी.एम. भैया) के मार्गदर्शन एवं देखरेख में किया गया। आयोजन समिति ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में खेल भावना, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा तथा शारीरिक एवं मानसिक विकास को प्रोत्साहित करना है। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 26 जून से 28 जून 2026 तक आयोजित की जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।