आगरा की डिफेंस कॉलोनी में बैडमिंटन और शतरंज प्रतियोगिता का समापन, विजेताओं का हुआ सम्मान
आगरा। डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी, आगरा के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय बैडमिंटन एवं शतरंज प्रतियोगिता का सोमवार को रोमांचक फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ सफलतापूर्वक समापन हो गया। प्रतियोगिता में अंडर-14 एवं अंडर-16 बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया। फाइनल मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, जबकि अभिभावकों और खेल प्रेमियों की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया।
बैडमिंटन प्रतियोगिता के अंडर-14 बालिका वर्ग के फाइनल मुकाबले में लियासा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अनन्या को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। अनन्या को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा।
अंडर-14 बालक वर्ग के फाइनल में समर्थ कायला और तेजस के बीच बेहद रोमांचक मुकाबला हुआ। कड़े संघर्ष के बाद समर्थ कायला विजेता बने, जबकि तेजस ने द्वितीय स्थान हासिल किया।
अंडर-16 बालक वर्ग के एक फाइनल मुकाबले में श्रेष्ठ ने वंश दीक्षित को हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। वंश दीक्षित उपविजेता रहे। इसी वर्ग के तीसरे स्थान के मुकाबले में कुनाल दीक्षित ने नमन चौधरी को पराजित कर तृतीय स्थान अपने नाम किया।
अंडर-16 के मुख्य फाइनल में अभिषेक ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ऋषभ पाठक को मात देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ऋषभ पाठक उपविजेता रहे।
शतरंज प्रतियोगिता में अंश ने प्रथम स्थान, अभ्युदय ने द्वितीय तथा नमन चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर अपनी रणनीतिक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में सोसाइटी के अध्यक्ष राजीव सोई ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि हार और जीत खेल का अभिन्न हिस्सा हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ निरंतर मेहनत करने और भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कर्नल साहब ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करने के बाद उन्हें पुरस्कार वितरित किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अनुशासन, समर्पण और नियमित अभ्यास ही खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए डिफेंस कॉलोनी यूथ वेलफेयर सोसाइटी द्वारा खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
प्रतियोगिता में मैच रेफरी की जिम्मेदारी बृज मोहन एवं अमन शर्मा ने निभाई। स्कोरिंग एवं लेखन कार्य अमित दीक्षित ने किया, जबकि राजू चौहान ने अपनी प्रभावशाली कमेंट्री से पूरे आयोजन को रोचक बना दिया।
पुरस्कार वितरण समारोह में विवेक उपाध्याय, बंटी यादव, ज्ञानेंद्र यादव, विनय यादव, देवेंद्र शर्मा, देवेश यादव, कमल चाहर, सनी उपाध्याय, हरपाल सिंह तथा सहित सोसाइटी के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी उपस्थित रहे।