पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने ट्रेन को किया अगवा, सैकड़ों यात्री बंधक

इस्लामाबाद। बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने पाकिस्तान के बलूचिस्तान में जाफर एक्सप्रेस को हाईजैक कर लिया है। इतना ही नहीं बलोच आर्मी ने ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को बंधक बना लिया है। बलूच लिबरेशन आर्मी ने सोशल मीडिया पर ट्रेन को हाईजैक करने की जानकारी दी।

Mar 11, 2025 - 17:21
Mar 11, 2025 - 17:26
 0
पाकिस्तान में बलूच लिबरेशन आर्मी ने ट्रेन को किया अगवा, सैकड़ों यात्री बंधक

यह घटना उस समय घटी, जब जाफर एक्सप्रेस पाकिस्तान के दक्षिण-पश्चिमी बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा से खैबर पख्तूनख्वा के पेशावर जा रही थी। बलूच लिबरेशन आर्मी ने सोशल मीडिया पर बयान जारी कर कहा, मश्कफ, धादर, बोलन में ऑपरेशन को अंजाम दिया गया। जहां उसके लड़ाकों ने रेलवे ट्रैक को उड़ा दिया। इसके चलते जाफर एक्सप्रेस को रुकना पड़ा और ट्रेन को नियंत्रण में ले लिया गया। 

बलूच लिबरेशन आर्मी के मुताबिक, सभी यात्रियों को बंधक बना लिया गया। बलूच लिबरेशन आर्मी ने धमकी दी है कि अगर पाकिस्तानी सेना किसी भी सैन्य अभियान का प्रयास करती है, तो परिणाम गंभीर होंगे और सभी बंधकों को मार दिया जाएगा। इन हत्याओं की जिम्मेदारी पूरी तरह से सेना की होगी। 

बलूच लिबरेशन आर्मी ने कहा, यह ऑपरेशन मजीद ब्रिगेड, एसटीओएस और फतेह स्क्वाड द्वारा संयुक्त रूप से संचालित किया जा रहा है। किसी भी सैन्य घुसपैठ का समान रूप से जोरदार जवाब दिया जाएगा। अब तक छह सैन्यकर्मी मारे गए हैं, और सैकड़ों यात्री हिरासत में हैं। बलूच लिबरेशन आर्मी इस ऑपरेशन की पूरी जिम्मेदारी लेती है।