नीट परीक्षा को लेकर बरेली प्रशासन अलर्ट, 24 केंद्रों पर 11,492 अभ्यर्थियों के लिए चाक-चौबंद व्यवस्था, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा
-आरके सिंह- बरेली। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के सफल, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर बरेली जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। शनिवार को जिलाधिकारी अविनाश सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में परीक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराई जाए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही या अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा 21 जून को जिले के 24 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगी। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के निर्बाध प्रवेश, यातायात एवं पार्किंग प्रबंधन, विद्युत आपूर्ति, पेयजल व्यवस्था, चिकित्सा सुविधाएं, सीसीटीवी निगरानी तथा अन्य आवश्यक तैयारियों की बिंदुवार समीक्षा की गई। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को परीक्षा की गोपनीयता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तत्काल और प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे परीक्षा का संचालन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से हो सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जिले में थाना कोतवाली क्षेत्र में 6, थाना बारादरी में 8, थाना इज्जतनगर में 3, थाना प्रेमनगर में 2, थाना कैंट में 2, थाना किला में 1, थाना सीबीगंज में 1 तथा थाना हाफिजगंज में 1 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग के लिए एक उपनिरीक्षक, तीन पुरुष हेड कांस्टेबल तथा दो महिला हेड कांस्टेबल तैनात किए गए हैं। वहीं परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार और परिसर में निगरानी रखने तथा अराजक तत्वों पर नजर रखने के लिए एक उपनिरीक्षक, दो पुरुष हेड कांस्टेबल तथा दो महिला पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परीक्षा में जिले के 11,492 अभ्यर्थी शामिल होंगे। सभी 24 परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 72 उपनिरीक्षक, 144 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल तथा 96 महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि परीक्षा पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके।
बैठक में पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारिक, अपर जिलाधिकारी नगर अविनाश मिश्रा, नगर मजिस्ट्रेट, सीओ एलआईयू, जिला विद्यालय निरीक्षक, सभी नामित मजिस्ट्रेट एवं परीक्षा केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने परीक्षा को सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का भरोसा दिलाया।