बरेली में प्राइमरी स्कूल की प्रधानाध्यापिका 50 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार
बरेली। शिक्षा के मंदिर को भी भ्रष्टाचार से दागदार कर देने वाला मामला बुधवार को सामने आया। प्राथमिक विद्यालय म्यूडी खुर्द, विकास क्षेत्र बिथरी चैनपुर की प्रधानाध्यापिका सरिता वर्मा को एंटी करप्शन टीम ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ लिया। प्रधानाध्यापिका ने स्कूल में हुए निर्माण कार्य का भुगतान जारी करने के लिए ठेकेदार से अवैध कमीशन मांगा था।
पीड़ित ठेकेदार राजकुमार, निवासी राजानगर कॉलोनी, पीलीभीत बाईपास रोड ने भ्रष्टाचार निवारण संगठन से शिकायत की थी कि प्रधानाध्यापिका सरिता वर्मा काम का भुगतान करने के लिए उससे रिश्वत मांग रही हैं। शिकायत की पुष्टि होने पर प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सान्याल ने अपनी टीम के साथ ट्रैप की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक जैसे ही ठेकेदार ने 50 हजार रुपए सरिता वर्मा को दिए, एंटी करप्शन टीम ने मौके पर दबिश दी और प्रधानाध्यापिका को रिश्वत की रकम के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद उन्हें कोतवाली थाने लाया गया, जहां मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया। इस कार्रवाई से शिक्षा विभाग और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।