बोधित्व थीम पर सजेगी भीमनगरी: भूमि पूजन के साथ तैयारियों का आगाज़, प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर इस बार शहर में भीमनगरी बोधित्व थीम पर सजने जा रही है। पचकुइयां, शाहगंज स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में होने वाले इस आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को ग्यासपुरा क्षेत्र की भीमनगरी समारोह आयोजन समिति द्वारा बौद्ध रीति-रिवाजों के साथ विधिवत भूमि पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
भूमि पूजन केंद्रीय भीमनगरी समिति के मुख्य संरक्षक एडवोकेट करतार सिंह भारतीय, अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी, महामंत्री श्याम जरारी और ऋषि कुमार के हाथों पुष्प अर्पित कर संपन्न हुआ। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे और पूरे वातावरण में आस्था और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
14 अप्रैल को शोभायात्रा, 15 से 17 अप्रैल तक सजेगा भव्य महल
अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि 14 अप्रैल की शाम को आंबेडकर जयंती की विशाल शोभायात्रा शहर में निकाली जाएगी। इसके बाद 15 से 17 अप्रैल तक शाहगंज के जीआईसी मैदान में भव्य भीमनगरी का महल आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के अनुयायियों में इस बार जबरदस्त उत्साह है और आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की पूरी तैयारी की जा रही है।
125 फीट ऊंचा और 300 फीट चौड़ा होगा भीमनगरी महल
महामंत्री महेंद्र सिंह ने बताया कि भीमनगरी के महल को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए कोलकाता से 80 से अधिक कारीगर आगरा पहुंच चुके हैं। महल की ऊंचाई 125 फीट और चौड़ाई 300 फीट होगी। इसके सामने 6 फीट ऊंची, 200 फीट लंबी और 70 फीट चौड़ी विशाल स्टेज तैयार की जाएगी। साथ ही सौंदर्यीकरण के लिए फव्वारे और पुष्प गमलों की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन के ढुलमुल रवैये पर भड़की समिति, स्थान बदलने का आरोप
केंद्रीय समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनी ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि कोठी मीना बाजार में चल रहे हाईकोर्ट के मामले और प्रशासन की ढुलमुल कार्यप्रणाली के कारण भीमनगरी का स्थान बदलना पड़ा। उन्होंने मांग की कि कोठी मीना बाजार से निजी मेले को तत्काल हटाया जाए। इस संबंध में सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
विकास कार्यों में देरी से जनता में रोष
क्षेत्रीय अध्यक्ष सुभाष सागर ने बताया कि ग्यासपुरा क्षेत्र में आगरा नगर निगम द्वारा 5 करोड़ 50 लाख रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इसमें 12 मोहल्लों की सड़कों और नालियों के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा स्ट्रीट लाइट व्यवस्था सुधारने के लिए 50 लाख रुपये का प्रस्ताव है। लेकिन अब तक एक भी कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी नाराजगी है।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
इस अवसर पर संरक्षक प्रताप सिंह, रवि शंकर, कोषाध्यक्ष संजय सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय राना, सिंधी जनवेजा, वीर प्रकाश बंटी, राहुल सागर, राजेंद्र पिप्पल, सुमित निगम, राजू वर्मा, योगेश सरन, राहुल चतुर्वेदी, मुकेश कर्दम, राजेंद्र कर्दम, ओपी सिंह, अरविंद टाइटलर, अवधेश, रोहित, बॉबी, नवल, अवतार, विमल, टीटू, सुधा, लता, पप्पू सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।