बरेली में भूपेंद्र चौधरी बोले- एसआईआर के नाम पर लोकतंत्र विरोधी एजेंडा चला रहा विपक्ष

बरेली में एक निजी कार्यक्रम में पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने एसआईआर, बीएलओ की मौतों और पश्चिम बंगाल में कथित बाबरी मस्जिद शिलान्यास को लेकर विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष लोकतांत्रिक संस्थाओं पर अविश्वास फैलाकर देश की स्थिरता को चोट पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, जबकि एसआईआर पूरी तरह संवैधानिक और पारदर्शी प्रक्रिया है।

Dec 7, 2025 - 20:24
 0
बरेली में भूपेंद्र चौधरी बोले- एसआईआर के नाम पर लोकतंत्र विरोधी एजेंडा चला रहा विपक्ष
बरेली में रविवार को मीडिया से बात करते भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी रविवार को यहां कहा कि विपक्ष का एजेंडा एक सुनियोजित षड्यंत्र है, जिसका उद्देश्य लोकतंत्र को कमजोर करना और संवैधानिक प्रक्रियाओं पर अनावश्यक अविश्वास फैलाना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि एसआईआर एक पूर्णतः संवैधानिक प्रक्रिया है, जिसे भारत निर्वाचन आयोग निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ संचालित कर रहा है।

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण हर वर्ष होता है, किंतु बीस वर्षों बाद विशेष अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान समाजवादी पार्टी और अन्य विपक्षी दलों द्वारा जो नकारात्मकता फैलाई जा रही है, वह लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति उनकी संकीर्ण सोच को दर्शाती है।

भूपेंद्र चौधरी ने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम ड्राफ्ट प्रकाशित हुआ और शांतिपूर्ण चुनाव भी संपन्न हुए, किसी भी दल ने कोई आपत्ति नहीं की। लेकिन परिणाम आने के बाद ही विपक्ष ने सवाल खड़े करने शुरू किए, जो जनता के निर्णय का अपमान है।

उन्होंने कहा कि पिछले चार–पांच चुनावों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास भाजपा के प्रति और मजबूत हुआ है, जिससे विपक्ष हताश और निराश है। इसी निराशा के चलते संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने की कोशिशें की जा रही हैं।

बंगाल में बाबरी मस्जिद के नाम पर कथित शिलान्यास पर प्रतिक्रिया देते हुए चौधरी ने कहा कि यह घटना देश के अमन-चैन और सामाजिक सौहार्द के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि बाबर एक शासक थे, उनका युग समाप्त हो चुका है, ऐसे नामों पर धार्मिक ढांचे का शिलान्यास करना देश के माहौल को खराब करने की सोची-समझी साजिश हो सकती है।

उन्होंने टीएमसी पर आरोप लगाया कि इस प्रकार के कदम राजनीतिक लाभ के लिए तनाव पैदा करने की रणनीति का हिस्सा हो सकते हैं।

चौधरी ने पश्चिम बंगाल सरकार से अपेक्षा जताई कि वह मामले को गंभीरता से लेकर कानून-व्यवस्था को प्रभावित न होने दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उचित कार्रवाई की जाएगी और प्रदेश में शांति बनी रहेगी।

SP_Singh AURGURU Editor