कंगना रनौत को बड़ा झटका, बठिंडा कोर्ट में पेश नहीं हुईं तो जारी होगा गिरफ्तारी वारंट

किसान आंदोलन के दौरान महिंदर कौर पर टिप्पणी के मामले में कंगना रनौत को बठिंडा कोर्ट ने स्पष्ट कर किया कि इस बार उन्हें हर हाल में हाजिर होना पड़ेगा।

Jan 7, 2026 - 21:27
 0
कंगना रनौत को बड़ा झटका, बठिंडा कोर्ट में पेश नहीं हुईं तो जारी होगा गिरफ्तारी वारंट

 
बठिंडा। बठिंडा कोर्ट से कंगना रनौत को बड़ा झटका लगा है। कंगना रनौत को 15 जनवरी को हर हाल में कोर्ट में पेश होना होगा। अगर वह कोर्ट में पेश नहीं होती हैं तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी होंगे। मानहानि केस में जानकारी देते हुए बेबे महिंदर कौर के वकील रघुबीर सिंह बहनीवाल ने बताया है कि कोर्ट ने कंगना रनौत के वकील ने पेशी से छूट की अर्जी दायर की थी जोकि अदालत ने खारिज कर दी है।

अगर कंगना रनौत 15 जनवरी को पेश नहीं होती हैं तो अरेस्ट वारंट भी जारी किया जाएगा। इसके साथ ही उनका बेल ऑर्डर भी खारिज कर दिया जाएगा। पिछली सुनवाई के दौरान कोर्ट ने कड़े तेवर दिखाते हुए स्पष्ट कर दिया था कि इस बार उन्हें हर हाल में हाजिर होना पड़ेगा।

दिल्ली में किसानों द्वारा केंद्र सरकार खिलाफ जिस समय कृषि कानून के खिलाफ धरना प्रदर्शन चल रहा था। उस समय बठिंडा के गांव बहादुर गढ़ जंडिया निवासी बेबे महिंदर कौर ने एक याचिका दायर की थी कि कंगना रनौत ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर उनके खिलाफ एक पोस्ट डाली थी। कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट में कंगना रनौत ने इस केस को खत्म करने की बात कही थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने इसे मंजूरी नहीं दी।

यह पूरा मामला साल 2021 का है, जब दिल्ली की सीमाओं पर ऐतिहासिक किसान आंदोलन चल रहा था। उस दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (तब ट्विटर) पर कंगना रनौत ने एक बुजुर्ग महिला की तस्वीर साझा करते हुए एक विवादित ट्वीट किया था।

कंगना ने बठिंडा के गांव बहादुरगढ़ जंडिया की रहने वाली 87 वर्षीय बुजुर्ग किसान महिंदर कौर को शाहीन बाग की ‘दादी’ समझ लिया था। उन्होंने कहा था, ‘ऐसी महिलाएं 100-100 रुपये में धरने में शामिल होने के लिए उपलब्ध हैं।’ इस टिप्पणी ने न केवल महिंदर कौर बल्कि पूरे किसान समुदाय की भावनाओं को आहत किया था। महिंदर कौर ने इसे अपनी छवि धूमिल करने वाला बताते हुए कंगना के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया था।