भाजपा फिर से क्षेत्रों में तैनात करेगी संगठन मंत्री, संघ के साथ हुआ मंथन
लखनऊ। लोकसभा चुनाव में बेहतर परिणाम न मिलने के बाद से ही आरएसएस का पूरा फ़ोकस यूपी पर है। संघ योगी सरकार और संगठन के ज़रिए हिंदुत्व और राष्ट्रवाद को धार देकर हिंदू समाज को एकजुट करने पर मंथन कर रहा है। इसके लिए संगठन को निचले स्तर तक मजबूती देने के लिए भाजपा में एक बार फिर से क्षेत्रीय स्तर पर संगठन मंत्री नियुक्त करने की तैयारी चल रही है। इसके लिए आरएसएस अपने 3-4 वरिष्ठ प्रचारकों को भाजपा में भेजने पर विचार कर रहा है।
- संघ जल्द ही अपने 3-4 वरिष्ठ प्रचारकों को भेजेगा भाजपा में , प्रदेश में हिंदुओं को एकजुट करने को उपचुनाव बाद चलेगा अभियान
लखनऊ में गुरुवार को सुल्तानपुर रोड स्थित एक होटल में संघ के सह सरकार्यवाह अरुन कुमार की उपस्थिति में भाजपा और संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों की हुई बैठक में हिंदुओं की सभी जातियों को एक करने की योजना बनाई गई।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक रहेंगे-सेफ रहेंगे और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बंटेंगे तो कटेंगे का नारा यूं ही नहीं दिया। इसके पीछे भी संघ की ही रणनीति मानी जा रही है। शुरुआत भले ही सीएम योगी ने की पर पीएम मोदी ने महाराष्ट्र चुनाव में इसको धार दे दी। इसी सूत्र पर हिंदुओं की अगड़ी, पिछड़ी और दलित जातियों को एकजुट करने का अभियान यूपी में शुरू किया जाएगा।
प्रदेश में उपचुनाव के बाद इस योजना पर काम प्रारंभ किया जाएगा। भाजपा के साथ-साथ संघ के सभी आनुषंगिक संगठन इस अभियान में अलग अलग कार्यक्रमों के माध्यम से जुटेंगे।
फिर से तैनात होंगे क्षेत्रीय संगठन मंत्री
ज़िलों में संघ, सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय के लिए फिर से क्षेत्रीय संगठन मंत्री तैनात करने पर संघ मंथन कर रहा है। यूपी को संगठनात्मक दृष्टि से छह क्षेत्रों में बांटा हुआ है। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद क्षेत्रों से संगठन मंत्री व्यवस्था समाप्त कर दी गई थी। इसके बाद संगठन का सारा भार अकेले प्रदेश महामंत्री पर आ गया। अब सह संगठन मंत्री के रूप में क्षेत्रों में संगठन मंत्री नियुक्त करने की तैयारी हो रही है।
बैठक में संघ के शताब्दी वर्ष में हर गांव में संघ की शाखा शुरू करने में सरकार और भाजपा संगठन के सहयोग की रणनीति तय हुई। साथ ही तय हुआ कि संघ के पर्यावरण, सामाजिक समरसता, स्वदेशी सहित अन्य मुद्दों पर भी भाजपा संगठन और सरकार दोनों सहयोग करेंगे।
बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, क्षेत्रीय व प्रांत प्रचारक आदि मौजूद रहे।