भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ एक सितंबर से प्रदेशभर में चलाएगा स्वदेशी जनजागरण अभियान

आगरा। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ की ब्रज क्षेत्र स्तरीय बैठक में स्वदेशी जन जागरण अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पार्टी के ब्रज क्षेत्र कार्यालय, जयपुर हाउस में आयोजित बैठक में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों के संयोजक और सहसंयोजक शामिल हुए। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर 1 सितंबर से पूरे प्रदेश में स्वदेशी जनजागरण अभियान शुरू किया जाएगा।

Aug 19, 2025 - 22:04
 0
भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ एक सितंबर से प्रदेशभर में चलाएगा स्वदेशी जनजागरण अभियान
भाजपा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर आयोजित व्यापार प्रकोष्ठ की बैठक में मौजूद प्रदेश संयोजक विनीत शारदा, महानगर भाजपा अध्यक्ष राज कुमार गुप्ता एवं अन्य।

मुख्य अतिथि एवं प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने कहा कि अभियान के पहले चरण में 1 से 10 सितंबर तक हर जिले के प्रमुख बाजारों में मशाल जलूस निकाले जाएंगे। इसके साथ ही स्वदेश अपनाने और विदेशी सामानों का बहिष्कार करने के लिए पेंपलेट वितरित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि 11 से 25 सितंबर तक 15 दिनों का चौपाल कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें व्यापारियों को देश में निर्मित सामान बेचने और आम जनता को स्वदेशी सामान खरीदने के लिए जागरूक किया जाएगा।

विनीत शारदा ने कहा कि व्यापारिक गोष्ठियों के आयोजन के साथ-साथ 1 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक हर जिले में बड़े व्यापारिक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, जिनमें देश और प्रदेश के मंत्री एवं पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।

उन्होंने आगे कहा कि आजादी से पहले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी द्वारा शुरू किए गए स्वदेशी आंदोलन को अब 78 साल बाद प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से जनता के समक्ष फिर से स्वदेशी अपनाने के लिए प्रेरित किया।

शारदा ने यह भी कहा कि पीएम मोदी द्वारा जीएसटी स्लैब को सरल कर 18 और 5 प्रतिशत करने के प्रस्ताव से व्यापारी वर्ग उत्साहित है। सबका साथ, सबका विकास नीति के तहत व्यापारियों के लिए चहुमुखी विकास, व्यापारी कल्याण बोर्ड की स्थापना, नए एक्सप्रेस-वे, सुलभ रेल और हवाई मार्ग, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे व्यापार में वृद्धि हुई है।

उन्होंने बताया कि 23 अगस्त को दिल्ली में अखिल भारतीय व्यापारी लीडर्स सम्मेलन होगा। इसमें केंद्रीय उद्योग मंत्री पीयूष गोयल, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा केंद्रीय महामंत्री सुनील बंसल, दिल्ली मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सहित अन्य प्रमुख अतिथि उपस्थित होंगे और हर जिले से आमंत्रित व्यापारियों को संबोधित करेंगे।

बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश संयोजक व्यापार प्रकोष्ठ विनीत शारदा, भाजपा आगरा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता, रामबाबू हरित, क्षेत्रीय संयोजक हेमंत खंदौली गोयल, सहसंयोजक प्रदीप गुप्ता भामाशाह, सहसंयोजक के के गुप्ता, आगरा महानगर भाजपा मीडिया प्रभारी रोहित कत्याल, आगरा जिला संयोजक संजय गुप्ता, अनुराग मित्तल, महानगर संयोजक गौरव बंसल, दिनेश अग्रवाल, जुगल किशोर, अंकित बंसल, शैलेंद्र गुप्ता, पंकज गुप्ता, मनोज गुप्ता आदि मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor