आगरा में दहेज की मांग पर बर्बरता: मायके से पैसे न लाने पर पति ने पत्नी पर फेंका तेजाब, पीठ और छाती तक जली
आगरा। शाहगंज थाना क्षेत्र के दौरेठा में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मायके से पैसे न लाने की नाराज़गी में एक पति ने अपनी पत्नी पर तेजाब फेंक दिया, जिससे महिला बुरी तरह झुलस गई। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने पति अफसर अली को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपी फरार हैं।
तीन साल पहले हुई थी शादी, लगातार हो रही थी पैसों की मांग
न्यू आजमपाड़ा निवासी शाहरुख उस्मानी की बहन तराना की शादी तीन साल पहले दौरेठा के अफसर अली से हुई थी। भाई शाहरुख ने बताया कि विवाह में अच्छा-खासा दहेज दिया गया था, फिर भी ससुराल पक्ष की पैसों की मांग रुकने का नाम नहीं ले रही थी। पहले तीन लाख रुपये मायके वालों ने दिए थे, अब फिर दबाव बनाया जा रहा था। पैसों को लेकर तराना को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।
पंचायत के फैसले पर लौटी ससुराल, मिला अमानवीय व्यवहार
छह महीने से मायके में रह रही तराना 13 जुलाई को समाज की पंचायत के निर्णय के बाद फिर ससुराल लौट गई थी। भाई शाहरुख के अनुसार उसने बहन को मना किया था, क्योंकि उसके पति के मथुरा की एक महिला से संबंध हैं और वह तराना को साथ नहीं रखना चाहता। लेकिन तराना विश्वास कर लौट गई। वहां पहुंचते ही उसके साथ मारपीट शुरू हो गई और उसे घर से बाहर कर दिया गया।
सड़क पर बेहोश पड़ी मिली, लोगों ने दी सूचना
स्थानीय लोगों के फोन कॉल पर जब मायके वाले मौके पर पहुंचे, तो तराना बेहोश अवस्था में घर के बाहर पड़ी मिली। उसे तुरंत एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
तेजाब पति को ननदोई ने लाकर दिया, चेहरे पर डालने की थी मंशा
पीड़िता तराना के अनुसार, उसके ननदोई ने अपने घर से तेजाब लाकर पति को दिया, जिसने उसका चेहरा जलाने की कोशिश की। लेकिन वह समय रहते मुड़ गई, जिससे तेजाब उसकी पीठ, उल्टे हाथ और छाती पर गिरा। इससे उसके कपड़े, चुन्नी और पर्स तक जल गए।
पीड़िता के भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति अफसर अली को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटना ने एक बार फिर से घरेलू हिंसा और दहेज उत्पीड़न की भयावह सच्चाई को सामने ला दिया है।