सलमान-आमिर संग काम कर चुकीं एक्ट्रेस श्वेता मेनन पर अश्लीलता के आरोप में केस दर्ज
श्वेता मेनन चर्चा में हैं। उनके खिलाफ मामला दर्ज हुआ है। उनपर अश्लील फिल्मों और विज्ञापनों में एक्टिंग करके उसे प्रमोट करने और पैसे कमाने का आरोप लगा है।
चेन्नई। साउथ की जानी-मानी एक्ट्रेस श्वेता मेनन मुश्किलों में घिरती नजर आ रही हैं। उनके खिलाफ अश्लील फिल्मों और विज्ञापनों में एक्टिंग करने के लिए मामला दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि मार्टिन मेनाचेरी की शिकायत पर एर्नाकुलम सीजेएम कोर्ट के निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई है।
जानकारी के अनुसार, एक्ट्रेस श्वेता मेनन के खिलाफ आर्थिक लाभ के लिए अश्लील दृश्यों में एक्टिंग करने का मामला दर्ज किया गया है। एर्नाकुलम सेंट्रल पुलिस ने एक्ट्रेस के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मार्टिन मेनाचेरी की शिकायत पर एर्नाकुलम सीजेएम कोर्ट के निर्देशों के बाद यह कार्रवाई की गई। अश्लीलता निषेध अधिनियम और आईटी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने प्राथमिकी में आरोप दर्ज किया है कि आरोपी ने आर्थिक लाभ के लिए फिल्मों और विज्ञापनों में, नग्नता सहित, एक्टिंग की और सोशल मीडिया व अश्लील साइटों के माध्यम से सीन्स को प्रमोट करके कमाई की है। शिकायतकर्ता ने शिकायत में श्वेता द्वारा एक्टिंग किए गए गर्भनिरोधक कंडोम के विज्ञापन और 'रथिनिर्वेदम', 'पलेरीमानिक्यम' और 'कलिमन्नू' जैसी फिल्मों को अश्लील दृश्यों के रूप में उठाया है।
51 साल की श्वेता मेनन एक्ट्रेस, मॉडल और टीवी पर्सनैलिटी रही हैं। उन्होंने फेमिना मिस इंडिया एशिया पेसेफिक 1994 का ताज अपने सिर सजाया था। उन्होंने मलयालम और हिंदी फिल्मों में काम किया है। वो 'बिग बॉस मलयालम सीजन 1' में नजर आ चुकी हैं।
श्वेता ने साल 1997 में आई फिल्म 'इश्क' में 'हमको तुमसे प्यार है' गाने में डांसर थीं। इस मूवी में अजय देवगन, काजोल, आमिर खान और जूही चावला थे। अगले साल वो सलमान खान की 'बंधन' में भी नजर आई थीं। उन्होंने 30 से ज्यादा हिंदी फिल्मों में काम किया है।
श्वेता का नाम विवादों में भी खूब रहा है। उनपर साल 2004 में एक फैशन शो में देश के तिरंगे झंडे का अपमान करने का आरोप लगा था। उन्होंने तिरंगा पहनकर रैंप पर वॉक किया था। श्वेता ने मलयालम मूवी से एक्टिंग में डेब्यू और फिर एक तेलुगू मूवी में काम करने के बाद 'पृथ्वी', 'शिकारी', 'अशोका', 'खतरों के खिलाड़ी', 'हां मैंने भी प्यार किया है', 'वध', 'मकबूल', 'हंगामा' जैसी हिंदी फिल्मों में काम किया था।