कार में मृत मिले दंपति के साथ करौली में ऊंटगिरि का चमन खां भी था
आगरा। करौली के पास कार में मृत मिले युवा दंपति किरावली के सांथा गांव का निवासी जितेंद्र सिसौदिया का पुत्र विकास सिसोदिया और उसकी पत्नी दीक्षा की हत्या गुत्थी सुलझाने में पुलिस को कुछ सुराग हाथ लगे हैं।
काल डिटेल के आधार पर नगला पूना गांव से दो युवकों तक पहुंची पुलिस ने चमन खां की पहचान की
तीन दिन पहले ननिहाल के लिए निकला था विकास, ससुराल से पत्नी को लेकर करौली पहुंचा था
पुलिस ने इस मामले में रायभा के पास स्थित नगला पूना गांव के दो युवकों को पूछताछ के लिए उठा लिया है। इन दोनों ने करौली देवी मंदिर पर इस दंपति के साथ दिखे तीसरे व्यक्ति की पहचान ऊंटगिरि, खेरागढ़ के चमन खां के रूप में की है। पुलिस का मानना है कि यह हत्या रंजिश में प्लानिंग के साथ की गई है।
मृतक विकास सिसौदिया 25 वर्ष का था। कुछ समय पहले ही उसकी शादी हुई थी। विकास तीन दिन पहले अपने गांव सांथा से अपनी ननिहाल सहपऊ क्षेत्र के ईंटकी गांव के लिए निकला था। वह ननिहाल में रहा और वहां से अपने मामा की कार लेकर सहपऊ क्षेत्र में ही स्थित अपनी ससुराल पहुंचा, जहां से अपनी पत्नी दीक्षा को साथ लेकर कार द्वारा करौली पहुंचा।
युवा दंपति ने करौली में माता के दर्शन किए और आज सुबह कार से घर के लिए वापस लौट रहे थे। करौली जिले में मासलपुर क्षेत्र के भोजपुर गांव के नजदीक इस युवा दंपति की कार के अंदर ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। जिस जगह इस वारदात को अंजाम दिया गया, वह सुनसान और जंगली इलाका है।
करौली पुलिस को घटनास्थल के पास से कुछ ऐसे सुराग मिले कि वह अछनेरा क्षेत्र के रायभा गांव के पास स्थित नगला पूना के दो युवकों मनीष और तरुण तक जा पहुंची। इन दोनों को मृतक की काल डिटेल के आधार पर पूछताछ के लिए पुलिस अपने साथ ले गई है।
इन दोनों युवकों को कैला देवी मंदिर की सीसीटीवी फुटेज दिखाई गई तो इन्होंने बताया कि फुटेज में विकास और दीक्षा के साथ दिख रहा तीसरा व्यक्ति ऊंटगिरी, खेरागढ़ का चमन खां है। पुलिस अब चमन खां को तलाश कर रही है।
माना जा रहा है कि रंजिश में इस हत्याकांड को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया क्योंकि विकास तो गांव से अपने ननिहाल के लिए निकला था जबकि उसकी हत्या करौली जिले में हुई। इससे लगता है कि उसका लगातार पीछा किया गया या फिर हत्यारों के पास उसकी पल-पल की जानकारी थी।
पुलिस ने विकास और उसकी पत्नी की पहचान उनके आधार कार्ड के आधार पर की। इसकी सूचना जब विकास के घर सांथा में पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। दीपावली के मौके पर युवा बेटे की मौत से पूरा परिवार टूट गया है। पूरा गांव गमगीन है।